ये हैं मप्र के श्रेष्ठ विधायक
21-Aug-2020 12:00 AM 462

 

15वीं विधानसभा में सदन का सत्र भले ही कम आयोजित हुए हैं, लेकिन विधायकों ने अपनी श्रेष्ठता का भरपूर प्रदर्शन किया है। यही कारण है कि फेम इंडिया द्वारा चयनित देश के 50 श्रेष्ठ विधायकों में मप्र के 4 विधायक शामिल किए गए हैं।

देश की 31 विधानसभाओं में श्रेष्ठ कार्य करने वाले 50 विधायकों का चयन हुआ है, जिसमें मध्यप्रदेश के भी चार विधायकों ने जगह बनाई है। इससे पहले जनवरी में प्रदेश के दो आईएएस अफसरों को भी सर्वश्रेष्ठ अफसरों की सूची में स्थान मिल चुका है। देशभर से जिन 50 विधायकों में मध्यप्रदेश के चार विधायकों का चयन हुआ है उनमें भाजपा के तीन और कांग्रेस की एक विधायक शामिल हैं। इनमें लांजी विधानसभा की हिना लखीराम कांवरे को दक्ष बताया है। वहीं भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक कृष्णा गौर को शानदार बताया है। इनके अलावा मनासा से विधायक अनिरुद्ध माधव मारू को जिम्मेदार विधायक और इंदौर-2 विधानसभा से भाजपा के विधायक रमेश मेंदोला का विकासशील बताया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर सभी विधायकों को बधाई दी है। वहीं भोपाल की गोविंदपुरा से विधायक कृष्णा गौर ने भी खुशी जाहिर की है।

सर्वे करने वाली एजेंसी फेम इंडिया-एशिया पोस्ट ने देश की 31 विधानसभाओं के विधायकों का सर्वे किया था। देशभर के कुल 4123 विधायकों की क्षमता का आंकलन किया गया। एक प्रदेश की विधानसभा भंग है। 165 विधायकों की सीटें रिक्त हैं। इस प्रकार 3958 विधायकों पर सर्वे किया गया। सर्वे में 50 श्रेणियों में विधायकों को बांटा गया था। जानकारी के अनुसार श्रेष्ठ विधायकों का चयन करने के लिए तीन तरीके से सर्वे हुआ, जिसमें स्टेक होल्ड, ऑनलाइन और डाटा एनालिसिस प्रमुख हैं। ऑनलाइन सर्वे में कुल 1500 विधायकों का नाम सामने आया। इन नामों को स्टेक होल्ड सर्वे में डाला गया तो ऊपर के कुल 150 विधायकों को आखिरी राउंड के लिए चुना गया। इन सभी नामों को डाटा एनालिसिस के जरिए एक लिस्ट में डाला गया जहां उनके कार्यों का लेखा-जोखा, उनके द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों, विधेयकों और उनकी बहस में भागीदारी आदि का गहन अध्ययन किया गया। इसके पश्चात 50 श्रेष्ठ विधायकों की सूची तैयार की गई।

उल्लेखनीय है कि फेम इंडिया ने देशभर के विधायकों के बारे में सर्वे करवाया और उम्दा 50 विधायकों को प्रकाशित करने का फैसला किया है। फेम इंडिया का लक्ष्य समाज के लिए बेहतर करने वालों को सामने लाना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। विधानसभा से उपलब्ध डाटा, लोगों की राय, मीडिया रिपोर्ट, सोशल मीडिया एक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध लोगों की राय के आधार पर 50 उम्दा विधायकों का चयन किया गया है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के देशभर के उम्दा 50 विधायकों के स्टेक होल्ड सर्वे में विधायकों का चयन उनकी लोकप्रियता, कार्यशैली, प्रतिबद्धता, सामाजिक सरोकार, प्रभाव, जनता से जुड़ाव, जनहित के कार्य, छवि के साथ ही शून्यकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, प्रस्तुत विधेयक, बहस, विधानसभा में उपस्थिति, विधायक निधि के खर्च आदि के विश्लेषणात्मक रिपोर्ट के परिणामों को शामिल कर किया गया है।

इस सर्वे में विधायकों का चयन उनकी लोकप्रियता, प्रभाव, प्रतिबद्धता, कार्यशैली, जनहित के कार्य, सामाजिक सरोकार, जनता से जुड़ाव, छवि के साथ ही विधानसभा में उपस्थिति, शून्यकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, प्रस्तुत विधेयक, बहस, विधायक निधि के खर्च आदि के विश्लेषणात्मक रिपोर्ट को शामिल कर किया गया था। विधानसभा से उपलब्ध डाटा, लोगों की राय, मीडिया रिपोर्ट, सोशल मीडिया एक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध लोगों की राय को उपरोक्त सर्वे में शामिल किया गया।

बेहतर का सम्मान

सर्वे करने वाली एजेंसी फेम इंडिया-एशिया पोस्ट ने 50 उम्दा विधायक सर्वे 2020 किया था, जिसमें 50 विधायकों का चयन हुआ है। एजेंसी के मुताबिक समाज के लिए बेहतर करने वालों को सामने लाने और उनके प्रोत्साहन करने वाली इस संस्था का मानना है कि इससे हौंसला जागता है और दायित्वबोध बढ़ता है। उनके कार्यों से जनसाधारण को समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा मिलती है। क्योंकि विधायक अपने-अपने राज्यों में लोकतंत्र की सबसे अहम संस्था के प्रतिनिधि होते हैं। गौरतलब है कि 50 श्रेष्ठ विधायकों में गुजरात से 2, बिहार के 7, उत्तरप्रदेश के 7, महाराष्ट्र के 3, मध्यप्रदेश के 4, पंजाब के 2, छतीसगढ़ के 2, असम से 2, उड़ीसा से 2, हिमाचल से 3, उत्तराखंड से 1, अरुणाचल प्रदेश से 1, सिक्किम से 1, झारखंड से 3, हरियाणा से 3, केरल से 1, राजस्थान से वर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पुनिया आदि का समावेश है। ताज्जुब ये है कि दिल्ली से 1 विधायक इस कसौटी पर खरा उतरा है और वो भी भाजपा के विजेन्द्र गुप्ता। जबकि आम आदमी पार्टी का एक भी विधायक इस पैमाने पर खरा नहीं उतरा है।

-जितेन्द्र तिवारी

FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^