11-Nov-2014 05:13 AM
1235076
ईरान में रेहाने जब्बारी (26) को फांसी पर लटका दिया गया। उसने दुष्कर्म की कोशिश कर रहे एक इंटेलिजेंस अफसर को छुरा मार दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। रेहाने को पांच साल पहले मौत की सजा सुनाई गई थी। दुनियाभर के मानवाधिकार संगठनों ने ईरान पर दबाव डाला था कि रेहाने को फांसी न दी जाए। रेहाने एक इंटीरियर डिजाइनर थी। उसे 2007 में मोर्तजा अब्दोलाली सरबंदी की छुरा मार कर हत्या करने के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई थी। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार पर्यवेक्षक ने कहा था कि रेहाने ने चाकू से बचाव की कोशिश की थी। सरबंदी उससे जबरदस्ती कर रहा था। 2009 में मुकदमे की सुनवाई हुई, जिसमें बहुत सी खामियां थीं। ईरान के अभिनेताओं और बड़ी हस्तियों ने रेहाने की फांसी पर रोक लगाने या उसे उम्रकैद में बदलने की अपील की थी। पश्चिमी जगत की हस्तियों ने भी उसमें सुर मिलाया था। इंटरनेट पर भी रेहाने को बचाने की मुहिम चल रही थी।