ऑस्ट्रेलिया में मिलने के वादे के साथ राष्ट्रमंडल खेलों का समापन
25-Aug-2014 09:57 AM 1234807

स्कॉटलैंड के हैंपडेन पार्क में कार्यक्रम और आतिशबाजी के साथ 20वें राष्ट्रमंडल खेलों का समापन हो गया। इस दौरान समापन समारोह में स्कॉटलैंड की गायिका लूलू, पॉप बैंड ग्रुप डीकॉन ब्लू तथा ऑस्ट्रेलिया की गायिका किली मिनोग सहित करीब 2000 कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। हैंपडेन पार्क में करीब 40 हजार दर्शकों के बीच इस शानदार कार्यक्रम की शुरुआत स्कॉटलैंड के कुछ मशहूर गानों के साथ हुई जिसे वहां के कलाकारों ने प्रस्तुत किया। कनाडा की महिला जिम्नास्ट फ्रैंकी जोंस को डेविड डिक्सॉन पुरस्कार दिया गया। यह पुरस्कार राष्ट्रमंडल खेलों के सबसे अच्छे एथलीट को दिया जाता है। जोंस ने एक स्वर्ण सहित कुल छह पदक जीते। इस राष्ट्रमंडल खेल में 71 देशों के 4,750 एथलिटों ने हिस्सा लिया। इस दौरान 11 दिन चले इस आयोजन में 18 खेलों में 261 स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। अगला राष्ट्रमंडल खेल 2018 में आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में होना है। 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के युवा खिलाडिय़ों ने चमकदार प्रदर्शन करते हुए न केवल देश का नाम रोशन किया बल्कि भविष्य में ओलंपिक जैसे आयोजनों में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद भी जगा दी।
ग्लास्गो खेलों में भारत के युवा खिलाडिय़ों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अनुभवी खिलाडिय़ों की मौजूदगी के बीच अपनी छाप छोड़ी। इन युवाओं के प्रदर्शन का ही नतीजा था कि भारत पदक तालिका में अपने पदकों की संख्या 60 के पार पहुंचा सका। स्क्वॉश क्वीन जोशना चिनप्पा और दीपिका पल्लीकल, पहलवान अमित कुमार, महिला पहलवान विनेश और बबीता कुमारी, भारोत्तोलक सुखेन डे, सतीश शिवालिंगम और संजीता खुमुकचम ने इन खेलों में देश के लिए स्वर्ण पदक जीत कर इस वर्ष सितंबर में दक्षिण कोरिया के इंचिओन में होने वाले एशियाई खेलों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जगा दी है। निशानेबाजी में अयोनिका पाल, मलाइका गोयल, कुश्ती में बजरंग, मुक्केबाजी में देवेंद्रो लेशराम और मनदीप जांगड़ा ने रजत पदक जीता तो जूडो में सुशीला लिकामबम ने देश को पदक दिलाए। जिमनास्टिक में भारत के लिए पहला पदक दीपा करमाकर ने और एथलेटिक्स में तीसरा पदक अमृतसर के 21 वर्षीय अरपिंदर सिंह ने हासिल किया। इसके अलावा कल्पना थोडम ने जूडो और पिंकी रानी ने मुक्केबाजी में कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका को थोड़ा और मजबूत बनाने का काम किया। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में बेहतर प्रदर्शन के साथ ये एथलीट अब एशियाड और 2016 में होने वाले रियो ओलंपिक में भी पदक जीतने का इरादा रखते हैं। इन खेलों में अभिनव बिंद्रा, सुशील कुमार, गगन नारंग, विजय कुमार, विजेन्दर सिंह, योगेश्वर दत्त, ज्वाला गुट्टा जैसे बड़े सितारों की मौजूदगी में इन युवा एथलीटों ने अपने प्रदर्शन से अपने लिए भारतीय खेलों में एक नई जगह बना ली। इनमें से कई ऐसे थे जो पहली बार इन राष्ट्रमंडल खेलों में उतरे और पदक के साथ धूमकेतू की तरह चमक गए। भारत  इन खेलों में 15 स्वर्ण पदक सहित 64 पदक जीतकर पांचवें स्थान पर रहा।

FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^