12-Feb-2019 07:49 AM
1234771
मप्र में सरकार बदलते ही अपराध और अपराधियों का तरीका भी बदल गया है। महज एक सप्ताह में हुई 4 राजनीतिक हत्याओं और बीजेपी नेताओं पर हमलों ने प्रदेश में राजनीतिक भूचाल ला दिया। दरअसल प्रदेश की कांग्रेस सरकार में जिस तरह लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही है उससे ऐसा लग रहा है अपराधियों में सरकार का खौफ खत्म हो गया है। उधर लगातार आपराधिक घटनाएं होने से भाजपा सरकार पर हमलावर हो गई है। भाजपा ने प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शनकर पुतला भी फूंका।
गौरतलब है कि बड़वानी में भाजपा के मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे को बेरहमी से हत्या की गई जिसकी गूंज दिल्ली तक सुनाई दे रही है। बीजेपी ने इन हत्याओं को राजनीतिक करार दिया है और इसके खिलाफ वह सड़कों पर उतर आई है। बड़वानी में भाजपा के मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे को बेरहमी से मार डाला गया। वह सुबह की सैर पर निकले थे तभी उनकी पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई। मनोज के चेहरे पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं। शव के पास खून से सना हुआ पत्थर भी मिला था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी हत्यारों के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है।
वहीं गुना में परमाल कुशवाह नामक युवक को गोली से उड़ा दिया गया, यह युवक भारतीय जनता पार्टी के पालक संयोजक शिवराम कुशवाह का रिश्तेदार था। बीजेपी गुना के इस हत्याकांड में कांग्रेस का हाथ बता रही है। मंदसौर नगर पालिका के दो बार अध्यक्ष रहे बीजेपी के नेता प्रहलाद बंधवार की सरे बाजार गोली मारकर हत्या कर दी गई। पालिका अध्यक्ष बंधवार शाम करीब सात बजे जिला सहकारी बैंक के सामने स्थित भाजपा नेता लोकेंद्र कुमावत की दुकान पर बैठे थे। जैसे ही वह बाहर निकले, बुलेट पर सवार एक बदमाश ने पास आकर उनके सिर पर गोली मार दी थी। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले हमलावर बुलेट छोड़कर भाग गया। माना जा रहा है कि हत्यारा पेशेवर शूटर हो सकता है।
इंदौर में कारोबारी और बीजेपी नेता संदीप अग्रवाल को सरेआम गोलियों से भून दिया गया, आज तक हत्यारों को अता पता नहीं। इंदौर शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहे पर पुलिस थाने से सिर्फ 100 कदम की दूरी पर शहर के चर्चित हाई प्रोफाइल बिल्डर पर अज्ञात हमलावरों ने कई गोलियों से हमला किया था। इसके बाद बिल्डर को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान ही संदीप अग्रवाल की मौत हो गई।
मध्यप्रदेश में बढ़ रहे अपराध चिंता का विषय बना हुआ है। भले ही प्रदेश में सरकार बदल गई हैं लेकिन आपराधिक मामलों में हालात जस के तस हैं।
प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री कमलनाथ का पुतला जलाया। प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं ने कहा, जब तक प्रदेश की कानून-व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो सड़कों पर प्रदर्शन तो जारी रहेगा।
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ सरकार पर हमला करते हुए कहा था, प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बिल्कुल ध्वस्त हो गई है। यह हमारे लिए बहुत चिंता का विषय है। तत्काल अपराधी पकड़े जाने चाहिए। सरकार ने इसको गंभीरता से नहीं लिया, तो भाजपा को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
-सिद्धार्थ पाण्डे