18-Jan-2019 06:00 AM
1234873
लोकसभा चुनाव के ऐन पहले पक्ष-विपक्ष में एकता प्रदर्शन का दौर जोर पकडऩे लगा है। 7 जनवरी को विकासशील इंसान पार्टी की ओर से आयोजित मांछ-भात भोज में महागठबंधन के शीर्ष नेता शामिल हुए। इसमें राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी प्रसाद यादव, रालोसपा सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा, हम सुप्रीमो जीतन राम मांझी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा तथा कांग्रेस नेता सदानंद सिंह सहित अन्य छोटे-बड़े कई नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
महागठबंधन के महत्वपूर्ण नेताओं की बैठक नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर हुई। कहा जा रहा है कि कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा और किसके पास कितने दमदार उम्मीदवार हैं, ये सब बातें लगभग तय हो गई हैं। केवल घोषणा होना बाकी है। महागठबंधन नेताओं की मानें तो खरमास के बाद इसका खुलासा कर दिया जाएगा। बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने बताया कि विपक्षी एकता एवं चुनाव को लेकर बात हुई। इसके फैसलों का खुलासा खरमास बाद कर दिया जाएगा। रालोसपा सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बैठक का एजेंडा यही था कि महागठबंधन बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटें कैसे जीते। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव में मजबूती से उतरेगा। हम सुप्रीमो जीतन राम मांझी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भी कहा कि बैठक में जनविरोधी सरकार को उखाड़
फेंकने का संकल्प लिया गया। इसकी स्ट्रैटजी की घोषणा खरमास (14 जनवरी) के बाद कर दी जाएगी।
भाजपा-जदयू और लोजपा में सीट बंटवारे के बाद महागठबंधन के घटक दलों पर भी जल्द से जल्द सीट बांटने का दबाव पड़ रहा है। इस दौरान रांची में राजद प्रमुख लालू प्रसाद से घटक दलों के प्रमुख नेताओं की कई दौर की बात-मुलाकात से बहुत हद तक तस्वीरें साफ हो गई हैं। माना जा रहा है कि राजद की ओर से लालू प्रसाद ने धुंध हटा दी है। कांग्रेस के शक्ति सिंह गोहिल एवं मदन मोहन झा ने भी अपने स्तर से सीटों का आकलन कर लिया है। मांझी और कुशवाहा की ओर से पांच-पांच सीटों की दावेदारी की जा चुकी है। महागठबंधन में
हाल में आए मुकेश साहनी ने भी अपेक्षाओं का इजहार कर दिया है। ऐसे में सभी घटक
दलों के प्रतिनिधियों की समग्रता में मंथन
जरूरी है।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राज्य के पूर्व डेप्युटी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा है कि केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को बिहार में हराने के लिए महागठबंधन पूरी तरह से तैयार है। राजधानी पटना में महागठबंधन की बैठक हुई है और इसमें यह तय किया गया है कि लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर एनडीए को हराना है। इसके लिए महागठबंधन तैयार है। हालांकि, उन्होंने सीटों के बंटवारे के बारे में कुछ भी नहीं बताया। वहीं मुकेश साहनी ने कहा कि पटना से शुरू हुआ यह कार्यक्रम प्रदेश स्तर पर चलेगा। बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर महागठबंधन की जीत उनका लक्ष्य है। जीत सुनिश्चित करने के लिए मांछ-भात भोज आयोजित किया जा रहा है। मांछ-भात खाएंगे महागठबंधन को जिताएंगे। बिहार का मल्लाह समाज आगामी चुनाव में सत्ता परिवर्तन के लिए पूरी तरह से तैयार है।
उधर, जीतन राम मांझी ने महागठबंधन में सीट बंटवारे में आशा के अनुरूप में प्रतिनिधित्व नहीं मिलने के कारण उनकी एनडीए में वापसी की अटकलों को खारिज किया है। मांझी ने कहा, गठबंधन में सभी घटकों को कुछ बलिदान करने के लिए तैयार रहना होगा।
- विनोद बक्सरी