जीत के लिए जाति
02-Aug-2018 07:15 AM 1234787
छत्तीसगढ़ में आने वाले चुनावों में कांग्रेस अब एससी, एसटी और ओबीसी को रिझाने की तैयारी कर रही है। बता दें इसके लिए कांग्रेस एससी, एसटी और ओबीसी नेताओं के साथ साझा चुनाव अभियान चला सकती है। इस अभियान के तहत कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के लोगों की नब्ज टटोलने की कोशिश करेगी। बता दें छत्तीसगढ़ में 89 प्रतिशत वोट इन तीन भागों में बटें हैं। बाकि के 11 प्रतिशत वोट सामान्य वर्ग वाले वोटर्स के हैं। ऐसे में अगर कांग्रेस इन वोटर्स को साधने में सफल हो जाती है तो भाजपा के लिए मुश्किल हो सकती है। बता दें पिछले 2013 के चुनावों में भी कांग्रेस को एससी, एसटी और ओबीसी के वोट बैंक से अच्छा खासा लाभ मिला था, लेकिन सीएम रमन सिंह की लोकप्रियता के आगे कांग्रेस पिछड़ गई थी। वहीं मध्यप्रदेश में कांग्रेस को इन वर्गों से कोई खास लाभ नहीं मिला था। यही कारण है कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस इस बार इन वर्गों पर अपनी पकड़ बनाने के प्रयास में लगी है। दरअसल गत दिनों कोरिया में एससी, एसटी, ओबीसी और कांग्रेस की ओर से अभियान के तहत हो रही संयुक्त बैठकों का दौर शुरू हो रहा है। जिसमें कांग्रेस अपने एजेंडे पर इन वर्गों के नेताओं से बात कर सकती है। वहीं इन वर्गों को साधने के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने जोर-शोर से तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कांग्रेस की सरकार आने पर किसानों की कर्ज माफी को कांग्रेस का नारा नहीं बल्कि संकल्प बताया है। भूपेश बघेल ने ट्वीट कर सभी के बिजली बिल को हाफ करने, किसानों का कर्ज माफ करने जैसे और काम करने का संकल्प लिया है। अपने ट्वीट में भूपेश बघेल ने लिखा कि किसानों का कर्जा माफ और बिजली बिल हाफ कोई नारा नहीं बल्कि हमारा अटूट संकल्प है। कांग्रेस अगर कह रही है कि सभी के लिए बिजली का बिल हाफ होगा और किसानों का कर्जा माफ होगा, तो ऐसा होगा ही और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदलने के लिए नरवा, गरुवा, घुरुवा और बारी को हम बदलकर दिखायेंगे। प्रदेश कांग्रेस इकाई छत्तीसगढ़ के चुनाव को भले रमन सरकार से मुकाबले के तौर पर देख रही है पर राहुल गांधी छत्तीसगढ़ के चुनाव को नरेंद्र मोदी से मुकाबले के तौर पर देख रहे हैं। अगर ऐसा नहीं होता तो 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से महज 0.75 फीसदी कम वोट पाने वाली कांग्रेस, राज्य के विधानसभा चुनाव को भाजपा बनाम अन्य का विकल्प बनाने के बारे में नहीं सोचती। छत्तीसगढ़ का सियासी समीकरण ही कुछ इस तरह का बन गया है कि यहां सत्ता विरोधी रुझान होते हुए भी कांग्रेस भाजपा से मात खा जाती है। पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा हालांकि सिर्फ एक सीट ही जीत सकी पर उसने कांग्रेस को सीधे तौर पर सात सीटों पर हरवा दिया। दरअसल, उन सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा आगे निकल गई। वहीं तीन सीटों पर बसपा ने कांग्रेस को तीसरे नंबर पर धकेल दिया। इसी तरह जीजीपी ने पांच, सीएसएम मंच ने तीन, एनपीईपी और एनसीपी 1-1 सीटों पर कांग्रेस की हार की वजह बनी। कुल मिलाकर, इन दलों की वजह से कांग्रेस को 20 सीटों का नुकसान हुआ। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता का कहना है, अगर 2013 में इन दलों के साथ कांग्रेस का गठबंधन हुआ होता तो भाजपा 30 सीटों पर सिमट कर रह जाती। सिर्फ बसपा से भी गठबंधन हुआ होता तो भी कांग्रेस को भाजपा के मुकाबले 3.5 फीसदी अधिक वोट मिलते। वे बताते हैं, इस बार पलड़ा कांग्रेस का भारी था क्योंकि लगातार तीन बार प्रदेश में सरकार बना चुकी भाजपा सत्ताविरोधी रुझान से जूझ रही है। जोगी कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा खतरा अजीत जोगी ने कांग्रेस से अलग होकर अपनी पार्टी बनाकर खेल बिगाड़ दिया है। कांग्रेस को इस बात का एहसास भी है। इसलिए कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व न सिर्फ बसपा बल्कि एनपीईपी, सीएसएम, जीजीपी, एनसीपी जैसी पार्टियों के साथ गठबंधन करना चाह रही है। अगर कांग्रेस की यह पहल रंग लाती है तो वह न सिर्फ जोगी से होने वाले खतरे से बचेगी बल्कि राज्य में भाजपा से भी मुकाबला करने में कामयाब हो जाएगी। इसके साथ ही उसे राष्ट्रीय स्तर पर मोदी बनाम अन्य के लक्ष्य की दिशा में बढऩे में भी सफलता मिलेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बघेल भी मानते हैं कि चुनाव में बसपा और अन्य दलों से गठबंधन करके पार्टी को लाभ होगा। लेकिन वे कहते हैं कि गठबंधन करने का फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व ही लेगा। बघेल का कहना है, रमन सरकार के खिलाफ मुद्दों की कमी नहीं है। कांग्रेस आदिवासियों से लेकर किसानों तक के मुद्दे को लेकर गांव-गांव तक जा रही है। कांग्रेस लोगों को यह भी बता रही है कि अजीत जोगी की पार्टी, भाजपा की बी टीम है। -रायपुर से टीपी सिंह के साथ संजय शुक्ला
FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^