भाजपा की बल्ले-बल्ले
03-Mar-2018 08:09 AM 1235011
राज्यसभा की 58 सीटों के लिए अगले महीने 23 मार्च को चुनाव होने जा रहे हैं। इन चुनावों के बाद संसद के उच्च सदन की तस्वीर बदल जाएगी और बीजेपी बहुमत में आ जाएगी।  संसद में संख्या बल की भूमिका काफी अहम होती है। फैसलों पर सहमति और असहमति के बावजूद संख्या बल से ही फैसले कानूनों में तब्दील होते है। केंद्र सरकार के पिछले साढ़े तीन साल के कार्यकाल में मोदी सरकार की लोकसभा में संख्या ज्यादा रही जिस कारण बीजेपी का लोकसभा में दबदबा रहा। लेकिन राज्यसभा में मुकाबला बराबरी का है। इन राज्यसभा चुनावों के बाद भाजपा राज्यसभा में भी दमदार हो जाएगी और वह लंबित बिलों सहित अन्य बिल आसानी से पास करवा सकेगी। फिलहाल राज्यसभा में बीजेपी की संख्या 57 और कांग्रेस की भी 57 ही है। लेकिन  इस अंक गणित में इस साल बीजेपी कांग्रेस से बहुत आगे निकल जाएगी। इस साल राज्य सभा के द्विवार्षिक चुनाव और कुछ उपचुनाव के बाद बीजेपी के पास कुल सांसदों की संख्या 67 तक पहुंच सकती है। और अगर इस संख्या में एनडीए को भी गिनने लगे तो कुल संख्या 98 तक पहुंच जाएगी। भाजपा और एनडीए को सबसे ज्यादा फायदा उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड और उत्तराखंड से हो रहा है। वहीं कर्नाटक में भाजपा अगर अपना प्रदर्शन सुधारती है तो उसका आंकड़ा और भी आगे जा सकता है। दूसरी तरफ कांग्रेस को संसद की संख्या में नुकसान होता नजर आ रहा है। कांग्रेस के सदस्य 57 से घटकर 48 तक पहुंच सकते हैं। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) का संख्या बल घटकर 72 से 63 पर आ सकता है। अप्रैल में भाजपा के 17, कांग्रेस के 12, सपा के छह, बसपा, शिवसेना, माकपा के एक-एक, जदयू, तृणमूल कांग्रेस के 3-3, तेदेपा, राकांपा, बीजद के 2-2 निर्दलीय तथा मनोनीत तीन सदस्य का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। यूपी में 10 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। बीजेपी को इनमें से सबसे ज्यादा सीटें मिलेगी। यूपी कोटे के जिन 9 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें सपा के 6 सदस्यों में क्रमश: नरेश अग्रवाल, जया बच्चन, किरणमय नंदा, दर्शन सिंह यादव, मुनव्वर सलीम और आलोक तिवारी के नाम शामिल हैं, बाकी 3 सदस्य क्रमश: बसपा के एम अली, भाजपा के विनय कटियार और कांग्रेस के नेता प्रमोद तिवारी हैं। हालांकि यूपी विधानसभा में सत्तारूढ़ बीजेपी के 312 विधायकों की गिनती के आधार पर राज्यसभा की 10 में से 8 सीटें बीजेपी को मिलनी तय है और 47 विधायकों वाली सपा की झोली में 1 सीट जाएगी जबकि शेष बची 1 सीट अपने पाले में रखने के लिए विपक्षी दल सपा, बसपा और कांग्रेस में सरगर्मियां तेज हो गई है। माना जा रहा है कि अगर विपक्ष में संयुक्त उम्मीदवार को लेकर सहमति बनती है तो यह सीट उन्हें मिल सकती है। फिर भी अप्रैल से राज्यसभा में भाजपा इतनी मजबूती हो जाएगी कि वह अपनी मनमर्जी कर सकती है। अभी तक जितने बिल अटके हैं वे अप्रैल के बाद धड़ाधड़ा पास होंगे। मध्यप्रदेश की 5 सीटों पर भी होंगे चुनाव मध्यप्रदेश में राज्यसभा की पांच सीटों पर चुनाव होना है जिनमें से अभी चार भाजपा के पास हैं और एक सीट कांग्रेस के कब्जे में है। भाजपा के मेघराज, एल गणेशन, थावरचंद गेहलोत, प्रकाश जावड़ेकर और कांग्रेस के सत्यव्रत चतुर्वेदी शामिल हैं। विधायकों की संख्या के गणित से पांच में से एक सीट कांग्रेस को मिलना तय है तथा चार सीटें भाजपा के खाते में जाएंगी। गुजरात से रिटायर हो रहे चार सदस्यों में से दो की सीटें कांग्रेस को मिलने की उम्मीद है, जबकि महाराष्ट्र से उसके रिटायर हो रहे दो सदस्यों में से एक को वह वापस ला पाएगी। इससे पहले जनवरी में दिल्ली से तीन राज्यसभा सीटों पर आप के सांसद चुने गए थे। पहले ये तीनों सीटें कांग्रेस के पास थी। जनार्दन द्विवेदी, परवेज हाशमी और डॉ. कर्ण सिंह के जाने के बाद कांग्रेस के सदस्यों की संख्या घटकर 54 रह गई। वहीं तृणमूल कांग्रेस की 4 सीटें खाली हो रही हैं वहीं 3 सीटें तेलंगाना, 3 आंध्र प्रदेश और 4 सीट गुजरात से खाली हो रही है। राजस्थान से भी राज्यसभा सांसद चुन कर भेजे जाएंगे। बीते दिनों राजस्थान में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी को जबर्दस्त झटका दिया और इस लोकसभा में 3 साल 9 माह बाद राजस्थान से कांग्रेस के 2 सांसद पहुंचे है। उधर राज्यसभा में राजस्थान से कांग्रेस का प्रतिनिधित्व खत्म होने वाला है। अप्रैल में होने वाले राज्यसभा चुनाव में राजस्थान से कांग्रेस का एक भी सदस्य नहीं पहुंच पाएगा। फिलहाल राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के 25 विधायक हैं। ये संख्या बल राज्यसभा में एक सदस्य को भी भेजने के लिए नाकाफी है। हालांकि खबरें है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग का दांव खेल सकती है। -श्याम सिंह सिकरवार
FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^