रोमांटिक फिल्म ये जवानी है दीवानी
15-Jun-2013 07:11 AM 1234925

दर्शकों की हमेशा यही चाहत रहती है कि पर्दे पर प्रेमी अभिनेता अभिनेत्री की जोड़ी रोमांटिक भूमिका में नजर आये। इस बात को जानते हुए निर्माता निर्देशक उन जोडिय़ों को तवज्जो देते हैं जोकि दर्शकों में अपने प्रेम या ब्रेकअप के चलते लोकप्रिय हैं। रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण के बीच भी कुछ समय पहले तक प्रेम संबंध की खबरें थीं लेकिन दोनों के बीच किन्हीं वजहों से ब्रेकअप हो गया था और हाल ही में दोनों फिर से साथ नजर आना शुरू हुए थे।  ये जवानी है दीवानीÓ में जिस प्रकार की बढिय़ा ट्यूनिंग इन दोनों कलाकारों के बीच दिखी है उससे लगता ही नहीं कि इनके बीच ब्रेकअप हो गया था। दर्शकों ने इस जोड़ी को पहले भी पसंद किया है और इस फिल्म के हिट होने के बाद यह जोड़ी और भी फिल्मों में नजर आ सकती है। ये जवानी है दीवानीÓ खूबसूरत लोकेशनों पर फिल्माई गई अच्छी रोमांटिक फिल्म है जिसका गीत संगीत भी दर्शकों को पसंद आ रहा है।
बन्नी (रणबीर कपूर) अपनी दोस्त अदिति (कल्कि कोचलीन) और अवि (आदित्य राय कपूर) के साथ हमेशा मौज मस्ती करता रहता है। उसे जिंदगी को अपनी तरह से जीना पसंद है। उसके पिता (फारुख शेख) भी उस पर ज्यादा बंदिश नहीं लगाते। बन्नी का मानना है कि शादी बेकार का झंझट है इसलिए वह खूबसूरत लड़कियों से सिर्फ दोस्ती ही चाहता है। उसे घूमना फिरना भी बेहद पसंद है। एक बार वह एक ट्रैवल शो से बतौर वीडियोग्राफर जुड़ता है और मनाली में एडवेंचर ट्रिप पर अपने दोस्तों के साथ जाने के लिए निकलता है। स्टेशन पर उसकी मुलाकात स्कूल की पुरानी दोस्त नैना तलवार (दीपिका पादुकोण) से होती है। नैना अपनी मां की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर परेशान रहती है और बन्नी से मिलने के बाद उसे लगता है कि दूसरों के सपने को पूरा करने की बजाय अपनी जिंदगी को अपनी तरह से जीना चाहिए और अपने लिए वक्त निकालना चाहिए। वह भी इस ट्रिप से जुड़ जाती है। इस दौरान बन्नी और नैना एक दूसरे के नजदीक आते हैं लेकिन ट्रिप पूरा होने के बाद दोनों अपने अपने रास्ते निकल जाते हैं। कुछ दिनों बाद जब दोनों को अदिति की शादी का निमंत्रण पत्र मिलता है तो जिंदगी उन्हें फिर से करीब ले आती है। रणबीर कपूर शुरू से लेकर अंत तक छाये रहे। उन्होंने फिल्म में जमकर मस्ती की है। दीपिका पादुकोण का काम भी दर्शकों को पसंद आएगा। फिल्म में उनका नया लुक भी लोगों को भाएगा। कल्कि और आदित्य ने भी अच्छा काम किया है। फिल्म की खूबसूरती बढ़ाने में देशी विदेशी लोकेशनों पर शूटिंग का भी हाथ रहा। फिल्म का गीत संगीत श्रेष्ठ भले नहीं हो लेकिन लोकप्रिय काफी हो रहा है। फिल्म के एक गाने में माधुरी दीक्षित का नृत्य भी पसंद किया जा रहा है। निर्देशक अयान मुखर्जी की यह फिल्म सभी वर्ग के दर्शकों को भाएगी।

FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^