... तो कटेगा टिकट
17-Nov-2017 06:54 AM 1234776
मिशन 2018 को फतह करने के लिए भाजपा कठोर कदम उठाने के लिए भी तैयार है। चित्रकूट उपचुनाव में मिली हार के बाद पार्टी किसी भी प्रकार की कोई भी कोताही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। इसीलिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायकों को परफॉरमेंस सुधारने के लिए छह माह का वक्त दिया है। पिछले दिनों विधायकों से वन-टू-वन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के टारगेट अब की बार 200 पार को पाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायकों को हिदायत दी कि उनके पास छह महीने हैं, इसमें अपना परफॉरमेंस सुधार लें। जो अपना परफारमेंस नहीं सुधार पाएंगे उनका टिकट कटना तय है। सीएम ने विधायकों को उनके इलाके की सर्वे रिपोर्ट भी बताई, जिसमें एक-एक वर्ग से लेकर वार्ड-मोहल्ले और गांव में विधायक के कामकाज और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय सहित आम जनता की नजर में उनकी छवि की रिपोर्ट बताई गई थी। गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे के वक्त विधायकों के परफॉरमेंस पर विस्तार से चर्चा हुई थी। इसमें बताया गया था कि लगभग 70 विधायक ऐसे हैं जो अब चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं हैं। वन-टू-वन चर्चा में विधायकों से मुख्यमंत्री ने तमाम तरह के सवाल किए। विधायकों से उन्होंने पूछा कि आप विधानसभा क्षेत्र में दौरे कम कर रहे हो। कुछ लोगों ने कहा कि वे निरंतर भ्रमण करते हैं तो सीएम ने उन्हें उन गांव के नाम भी बता दिए, जिनमें वे लंबे समय से गए नहीं थे। सीएम ने हर विधायक के साथ बातचीत में उनके विधानसभा क्षेत्र की सर्वे रिपोर्ट भी साथ रखी थी। यही नहीं वन-टू-वन में विधायकों को बाकायदा बताया गया कि उनके इलाके में सरकार की ओर से कितने विकास कार्य करवाए गए हैं। उनके इलाके में कांग्रेस की स्थिति क्या है। दलित वोट बैंक विधायक से कितना नाराज है। अल्पसंख्यक वोटों में विधायक को लेकर किस तरह की नाराजगी है। कुल मिलाकर हर एक पहलू पर सीएम ने विधायकों को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि कार्यकताओं के साथ समन्वय बढ़ाएं। कई विधायकों के बारे में सर्वे रिपोर्ट में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने, मुलाकात नहीं करने सहित कई तरह की शिकायतें भी प्राप्त हुई थीं। सीएम ने कहा कि कार्यकर्ता नाराज रहेंगे तो आप किसके भरोसे चुनाव लड़ोगे। मुख्यमंत्री ने उत्तरप्रदेश की सीमा से लगे विधानसभा क्षेत्र के विधायकों को उनके क्षेत्र में बढ़ रहे बहुजन समाज पार्टी के प्रभाव से भी अवगत करवाया। भाजपा का इलेक्शन वाररूम शुरू चौथी बार सत्ता में आने के लिए भाजपा ने एक साल पहले ही अपनी चुनावी तैयारियों की शुरुआत कर दी। प्रदेश भाजपा कार्यालय में चुनाव प्रबंधन सेल का वाररूम शुरू हो गया है। वाररूम में हुई पहली अनौपचारिक बैठक में सीएम ने कहा कि समर्पण, समन्वय और एकजुटता से हम चौथी बार सरकार बनाएंगे और 2019 में केंद्र में भाजपा की सरकार बने, इसके लिए अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे। सीएम ने कहा कि अभी चुनाव में एक साल है आज से ही हम मिलकर संकल्प लें कि प्रदेश में सरकार बनाने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे और अपने दायित्वों का निर्वाह समर्पण और निष्ठा से करेंगे। उन्होंने कहा कि एकजुटता से चुनाव लड़ेंगे तो हमें भारी विजय मिलेगी। विधायकों को अपना काम और व्यवहार सुधारने की हिदायत मुख्यमंत्री ने विधायकों से वन-टू-वन में साफ कर दिया है कि जो निष्क्रिय रहेगा, उसका टिकट कटेगा। सीएम ने एक विधायक से 10 से 15 मिनट तक एकांत में बात की। सीएम ने विधायकों को अपना काम और व्यवहार सुधारने की साफ हिदायत देते हुए कहा कि अगर परफार्मेंस ठीक नहीं रहा तो उनका टिकट काट दिया जाएगा। उन्होंने विधायकों से पांच सवाल पूछे जो उनके काम, व्यवहार, संगठन नेताओं से तालमेल से जुड़े थे। इसके अलावा एमएलए से यह भी पूछा कि क्षेत्र में कांग्रेस में उनका सबसे तगड़ा राइबल कौन है। सूत्रों की माने तो सीएम ने कुछ विधायकों का संगठन के साथ तालमेल न होने पर उन्हें नसीहत दी और कुछ को कार्यकर्ताओं के साथ संबंध ठीक रखने की भी हिदायत दी। - रजनीकांत पारे
FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^