इश्कबाज इमरान
19-Aug-2017 06:45 AM 1234790
दशकों पहले क्रिकेट के मैदान पर अपने ऑलराउंडर प्रदर्शन के कारण सुर्खियों में रहने वाले पाकिस्तानी क्रिकेटर इमरान खान राजनीति की पिच पर जमे हुए हैं, लेकिन इनदिनों उनकी चर्चा महिला प्रेम के कारण हो रही है। पाकिस्तान के लोकप्रिय नेता और पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर इमरान खान पर पाकिस्तान की ही एक महिला राजनेता और उनकी ही पार्टी की सदस्य ने आरोप लगाया है कि इमरान उसे अश्लील मैसेज भेजते हैं। पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ के प्रमुख इमरान खान पर इस तरह के आरोप लगाने वाली महिला नेता आयशा गुलालई ने पार्टी और नेशनल असेंबली दोनों की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। आयशा का कहना था कि पाकिस्तान तहरीक ए इन्साफ पार्टी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। मगर पीटीआई द्वारा आयशा के आरोपों का खंडन किया गया है। पार्टी ने कहा है कि आयशा पीएमएलएन अर्थात पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज के समर्थन में आ गई है और उसने इस पार्टी को अपनी आत्मा बेच दी है। उक्त महिला ने कहा कि जो मैसेज इमरान खान ने दिए हैं वे इतने घटिया हैं कि कोई भी इसे सहन नहीं कर सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान खान उनसे ईष्र्या करते हैं। आयशा ने परवेज खट्टक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि इमरान खान दो नंबर के पठान हैं और वे चरित्रहीन हैं। हालांकि आयशा ने कहा कि नवाज शरीफ भ्रष्ट हो सकते हैं मगर उन पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप नहीं है। हालांकि आयशा ने इस बात से इन्कार किया कि वे पीएमएलएन में शामिल हो रही हैं। इस मामले में पीटीआई के प्रवक्ता फवाद चौधरी ने आयशा के आरोपों को नकार दिया। उन्होंने आयशा पर आरोप लगाए और कहा कि पीएमएलएन अब विषम स्थिति से बचने का प्रयास कर रही है। लोगों को खरीदने की यह उसकी पुरानी तरकीब है। हालांकि ये पहली दफा नहीं है, बल्कि इमरान हमेशा महिलाओं को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। इमरान खान जब खेलते थे तो दर्शक दीर्घा में बैठी लड़कियों का ग्रुप आई लव यू इम्मी और हाय इमरान के जुमले उछालता था। जहां जाते थे, उनके जीवन में बेहिसाब लड़कियां आईं, उन्हें प्लेबॉय कहा जाता था। अभी मुश्किल से तीन साल पहले पाकिस्तान अखबारों की सुर्खियों में एक्ट्रैस मीरा की उनके प्रति प्रेम निवेदन की खबरें थीं। मीरा ने सार्वजनिक तौर पर भी ऐसे प्रस्ताव रखे थे। हालांकि मीरा की इमेज भी ड्रामा क्वीन की है। इससे कुछ ही समय पहले पाकिस्तान में ये अटकलें जोरों पर थीं कि वह फिर पिता बनने वाले हैं। उनका नाम जोड़ा गया पाकिस्तान के सबसे धनी शख्स और नवाज शरीफ के नजदीकी विश्वासपात्र मियान मंशा की 21 वर्षीय भतीजी से। इस तरह कई अन्य देशी-विदेशी महिलाओं के साथ इमरान की इश्कबाजी के चर्चे होते रहे हैं। सत्ता मिल गई तो पता नहीं क्या करेंगे! शो मस्ट गो ऑन की तर्ज पर पाकिस्तान के सियासी थिएटर में हर दम कुछ न कुछ घटता रहता है। बस किरदार बदल जाते हैं। चंद दिन पहले जो इमरान खान नवाज शरीफ को घेर रहे थे, अब वह खुद घिर गए हैं। आयशा गुलालई कहती हैं कि अभी इमरान की ऐसी हरकत है, अगर सत्ता मिल गई तो पता नहीं क्या करेंगे। उधर, अगर इमरान खान अपने ऊपर लगे इल्जामों को राजनीति से जोड़ते हैं तो उन्हें इन इल्जामों को गलत साबित करने के लिए संसदीय समिति के सामने पेश होना चाहिए। वहीं नव नियुक्त प्रधानमंत्री अब्बासी ने बड़े ही सम्मानित तरीके से दोनों पक्षों को इस समस्या के समाधान की तरफ सकारात्मक राह दिखायी है। अखबार की राय में अगर संसदीय फोरम पर ही इस मामले का हल तलाश लिया जाए तो एक सकारात्मक परंपरा कायम होगी। पाकिस्तानी जनता की बदकिस्मती यह है कि देश अब तक आर्थिक संकटों का सामना कर रहा था। जिसकी वजह से इमरान खान को लेकर उम्मीद पैदा हो चली थी कि वह प्रधानमंत्री बनेंगे तो जनता को गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई से निजात दिलाने में कामयाब हो सकेंगे। लेकिन इमरान खान और उनकी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को लेकर जिस तरह के आरोप सामने आ रहे हैं उनसे तो अंदाजा होता है कि अगर तहरीक-ए-इंसाफ को संयोग से सत्ता मिल गई तो देश एक गंभीर नैतिकता के संकट का शिकार हो जाएगा। -माया राठी
FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^