19-Aug-2017 05:42 AM
1234802
कांग्रेस के लिए साख और नाक का सवाल बन गए अहमद पटेल की जीत कुछ मायनों में काफी बड़ी है। देखा जाए तो भाजपा और कांग्रेस के अपने-अपने चाणक्य के बीच सीधा मुकाबला था। जिसमें जीत कांग्रेस के चाणक्य की हुई। अहमद पटेल की जीत गुजरात विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के लिए उम्मीद की सांस बचाए रखने के लिए काफी है। शायद इसलिए कहा जा रहा है कि अमित शाह जीत कर भी एक मायने में हार गए।
अहमद पटेल के नाम एक और कामयाबी दर्ज हो गई है। उनके राजनीतिक सफर में ये एक अहम पड़ाव माना जा सकता है। हालांकि इसके बाद आगे का रास्ता आसान भी नहीं है। क्योंकि कांग्रेस अपने सबसे बड़े संकट के दौर से गुजर रही है। अहमद पटेल के इतिहास में उस नई कांग्रेस में जान फूंकने की कामयाबी दर्ज है जिसकी कमान सोनिया गांधी ने संभाली थी। गांधी परिवार के सबसे निष्ठावान लोगों में से एक माने जाते हैं अहमद पटेल।
चाहे वो इमरजेंसी के वक्त तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ निष्ठा निभाने का दौर रहा हो या फिर राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने का समय हो। अहमद पटेल परिवार के करीबियों में ही शामिल रहे। उनके रणनीतिक कौशल को ही यूपीए सरकार के दो चुनावों में मिली जीत का सेहरा बंधता है। यही वजह है कि कांग्रेस में गांधी परिवार के बाद नंबर 2 की हैसियत उनकी मानी जाती है, लेकिन वक्त का सितम देखिए कि जिस आदमी के एक इशारे भर से लोकसभा और राज्यसभा की सीटों का गणित तय होता था वो खुद अपनी ही सीट बचाने के लिये एक-एक सीट पर मजबूर हो गया। आपातकाल के समय इंदिरा गांधी के विश्वसनीय लोगों में अहमद पटेल का नाम भी शामिल था। 1977 में जिस जनता लहर में इंदिरा गांधी खुद भी चुनाव हार गईं उसके बावजूद अहमद पटेल गुजरात के भरूच से जीत कर संसद पहुंचे। अहमद पटेल के भरूच छोडऩे के बाद कांग्रेस वहां से कभी चुनाव नहीं जीत सकी।
अहमद पटेल संगठन को मजबूत करने के लिये जाने जाते हैं। चाहे इंदिरा की सरकार हो या राजीव की या फिर सोनिया गांधी की सरकार हो, अहमद पटेल ने कैबिनेट का कोई पद नहीं लिया। केवल संगठन पर ही ध्यान दिया। उनका लो-प्रोफाइल अंदाज और बिना मंत्रालय के गांधी परिवार के लिये वफादारी ही उनकी पावर बढ़ाता चला गया। संगठन में उनकी पकड़ ने सोनिया को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने में भी भूमिका अदा की। साल 2000 में वो सोनिया गांधी के विश्वस्त सलाहकार बन गए। उनकी राजनीतिक दूरदर्शिता और फैसले लेने की क्षमता ने विदेशी मूल के सियासी चक्रव्यूह से सोनिया को बाहर निकालने में मदद की। उनकी चुनावों की रणनीति ने ही यूपीए को साल 2004 और 2010 में जीत दिलाने का करिश्मा किया। यही वजह रही कि मनमोहन सरकार में बड़े फैसलों पर अहमद पटेल की रजामंदी की मुहर जरूर होती थी। पर्दे के पीछे के इस रणनीतिकार के रसूख का ही असर है कि कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर कभी भी मुखालफत खुल कर सामने नहीं आ सकी। अहमद पटेल ने कभी कांग्रेस के भीतर सोनिया के अलावा दूसरा पावर सेंटर नहीं बनने दिया। यूपीए सरकार के पीएम मनमोहन सिंह भी बड़े फैसलों के लिये सोनिया गांधी से राय मशवरा करते थे तो इसके पीछे का दिमाग अहमद पटेल का ही था। अहमद पटेल की वजह से ही दस जनपथ सत्ता का असली केंद्र रहा जहां सोनिया से तभी मंजूरी मिलती थी जब अहमद पटेल को भरोसा होता था।
कांग्रेस के लिए संजीवनी
शंकर सिंह वाघेला के कांग्रेस छोडऩे से लेकर अहमद पटेल के जीतने तक चले इस हाईवोल्टेज घटनाक्रम को जानकार अपने-अपने नजरिए से देख रहे हैं। इनमें से कुछ के मुताबिक यदि हर बार की तरह इस बार भी अहमद पटेल बिना चुनाव के ही अपनी सीट निकालने में कामयाब रहते हैं तो कार्यकर्ताओं पर कुछ खास फर्क नहीं पड़ता। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार यह सीट जीतने के लिए कांग्रेस को केंद्र से लेकर राज्य तक एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ा है। उनकी मानें तो इससे मिली जीत के चलते पार्टी सभी राज्यों में खुद से वाघेला जैसे अतिरिक्त वजन को दूर करने की हिम्मत जुटा पाएगी और निराशा के इस दौर में उसे अपनी क्षमताओं का सही आंकलन करने में निश्चित तौर पर मदद मिलेगी। इस पूरी उठापटक को राजनीतिकार प्रदेश में तीन महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के वार्म-अप के तौर पर देख रहे हैं।
-श्याम सिंह सिकरवार