15-May-2013 06:30 AM
1234754
आईपीएल में अब स्थिति साफ हो गई है। शीर्ष तीन टीमें हैं मुंबई, चेन्नई और राजस्थान रॉयल्स। चौथे नंबर पर थोड़ी सी गफलत तो हैं, लेकिन चौथे नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का आना

करीब-करीब तय माना जा रहा है। जब टूर्नामेंट शुरू हुआ था उस समय बैंगलोर को संभावित विजेता के रूप में देखा जा रहा था क्योंकि गेल का तूफान गेंदबाजों को लगातार ध्वस्त कर रहा था। लेकिन बीच में कुछ मैच हार जाने के कारण बैंगलोर का ग्राफ एकदम से नीचे आ गया। बैंगलोर की खासियत यह है कि गेल और कोहली न चलें तो बाकी खिलाड़ी उतने बेहतरीन स्कोरर नहीं है। डीविलयर्स थोड़ी बहुत ताकत जरूर दिखाते हैं लेकिन वे टिकाऊ बल्लेबाजी नहीं कर पाते। इसी कारण मध्यक्रम बैंगलोर के लिए एक बड़ी चुनौती है। हालांकि उसके बाद भी उलटफेर करने में यही टीम सक्षम है। जिस दिन गेल हाफ सेंचुरी मारते हैं उस दिन बैंगलोर का जीतना करीब-करीब तय हो जाता है। क्योंकि गेल का स्ट्राइक रेट सर्वाधिक है। इधर विश्वसनीय टीम के रूप में मुंबई और चेन्नई ने अपना एक अलग मुकाम बनाया है। खासकर चेन्नई का मध्यक्रम और अंतिम क्रम बहुत ठोस है जिसका फायदा उन्हें लगातार मिलता है। चेन्नई में कप्तानी करने वाले महेंद्र सिंह धोनी इस टूर्नामेंट के सबसे अच्छे फिनिशर कहे जा सकते हैं। उनकी स्लॉग ओवर में खेलने की काबिलियत दुनिया के किसी भी बल्लेबाज के मुकाबले बेहतरीन है। रवीन्द्र जड़ेजा एक विश्वसनीय ऑल राउंडर के रूप में लोगों को लुभा रहे हैं। टीम के गठन और प्रदर्शन की दृष्टि से देखा जाए तो इस आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स ने सर्वाधिक प्रभावित किया है।