दामाद की सलाह पर अमरीका को चलाएंगे ट्रंप
20-Jan-2017 10:34 AM 1234804
राजनीति में परिवारवाद केवल भारत में नहीं बल्कि अमेरिका में भी है। इसका ताजा उदाहरण अमरीका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अपने दामाद जैरेड कुशनर को व्हाइट हाउस के वरिष्ठ सलाहकार के रूप में नियुक्त करके दिया है। यानी अब ट्रंप अपने दामाद की सलाह पर अमेरिका को चलाएंगे। 35 साल के कुशनर की शादी ट्रंप की बेटी इवांका से हुई है और उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव अभियान के लिए धन इक_ा करने की रणनीति बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। माना जा रहा है कि उनकी भूमिका घरेलू और विदेश नीति से जुड़ी हुई होगी जिनमें मध्य पूर्व में व्यवसाय संबंधी सौदे भी शामिल होंगे। इस नियुक्ति के लिए सीनेट की मंजूरी की जरूरत नहीं होगी। इस नियुक्ति के बाद अमेरिका में भी आवाज उठने लगी है कि यह नियुक्ति क्या देश के एंटी-नेपोटिज्म लॉ यानी भाई-भतीजावाद कानून का उल्लघंन नहीं होगा? इस कानून के अंतर्गत कोई भी सरकारी अधिकारी अपने रिश्तेदारों की नियुक्ति सरकारी पद पर नहीं कर सकता है, चाहे वो देश में हो या विदेश में। व्हाइट हाउस के वरिष्ठ सलाहकार के रूप में कुशनर कोई तनख्वाह नहीं लेंगे और अपने व्यवसायिक हितों से दूर होने के लिए कदम उठाएंगे। अपने ससुर की तरह कुशनर भी एक रिएल एस्टेट डेवेलपर हैं। वो एक निवेशक भी हैं। पिछले नवंबर में जब सारी दुनिया व्हाइट हाउस से राष्ट्रपति बराक ओबामा और डोनल्ड ट्रंप के बाहर आने का इंतजार कर रही थी, ठीक उसी वक्त कैमरा राष्ट्रपति निवास के साउथ लॉन में मौजूद एक शख्स के आसपास घूम रहा था। वो व्यक्ति ओबामा के चीफ ऑफ स्टाफ डेनिस मैकडोना से बात में मशगूल था। वो व्यक्ति जैरेड कुशनर थे - 35 साल के मृदु-भाषी अरबपति और ट्रंप के दामाद, जिन्हें ट्रंप ने राष्ट्रपति कार्यालय में सीनियर एडवॉयजर नियुक्त किया है। कुशनर ने ट्रंप के चुनाव प्रचार में बहुत अहम भूमिका निभाई थी - और कहा जाता है कि प्रचार की डिजिटल रणनीति तैयार करने और उसके लिए की गई अहम नियुक्तियां उन्होंने ही तय की थी। अब राष्ट्रपति कार्यालय में भी उनका प्रभाव बढ़ेगा। कुशनर एक मशहूर प्रॉपटी डेवलेपर और न्यूयार्क ऑब्जर्वर अखबार के प्रकाशक हैं। समझा जाता है कि ट्रंप अपनी बेटी इवांका के पति - कुशनर की बातों को बहुत अहमियत देते हैं। न्यूयॉर्क ऑब्जर्वर अखबार के प्रकाशक और नामी गिरामी प्रॉपर्टी डीलर कुशनर शर्मीले स्वभाव के हैं और खामोशी से काम करना पसंद करते हैं। न्यूयॉर्क की गगनचुंबी इमारत, 666 फिफ्थ एवेन्यू, उनकी ही है और महज 25 साल की उम्र में ही वो एक समय बहुत प्रभावशाली रहे न्यूयॉर्क ऑब्जर्वर अखबार के मालिक बन गए थे। वो बहुत कट्टर यहूदी है और उनके दादा-दादी हिटलर के यहूदियों पर किए गए जनसंहार से किसी तरह बच निकले थे। ट्रंप पर यहूदी विरोधी होने का इल्जाम लगाए जाने पर उन्होंने अपने ससुर का बचाव किया था और कहा था कि ट्रंप एक ऐसी शख्सियत हैं जिनमें आपको वो नजर आएगा जो आप देखना चाहते हैं और आप आपको उनमें बुराइयां नजर आएंगी जैसे कि नस्लवाद। ट्रंप की तरह कुशनर के पास भी राजनीति के क्षेत्र का कम तजुर्बा है और उन्होंने लिखा था कि सरकार में किसी भी काम की देख-रेख के लिए बड़ी व्यवस्था है जो इसमें बाधा पैदा करती है, जबकि बिजनेस में रिजल्ट सबसे अहम है, और मैनेजर को छूट होती है कि वो फायदे को हासिल करने के लिए कौन से तरीके अपनाएगा। कुछ लोगों ने कहा कि सरकार में बड़ी व्यवस्था इसलिए की जाती है ताकि कोई एक व्यक्ति चीजो को अपने हिसाब से चलाने की कोशिश न करे। खैर जो भी हो ट्रंप ने अनुभवहीन कुशनर को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। लेकिन ट्रंप से उनकी नजदीकी इस बात की गवाह है कि अमरीकी प्रशासन पर उनका प्रभाव बहुत बड़ा होगा। अब देखना यह है कि ट्रंप और कुशनर की जोड़ी अमेरिका के भविष्य को क्या दिशा देती है। ट्रंप की तरह विवादित रहे हैं कुशनर जैरेड कुशनर का जन्म न्यू जर्सी में हुआ था और उनकी दो बहनें और एक भाई हैं। उनके पिता चाल्र्स ने प्रॉपर्टी के धंधे में खूब पैसा कमाया था। ट्रंप के पिता फ्रेड की तरह कुशनर के पिता चाल्र्स भी विवादों में रहे हैं और उनके पिता को टैक्स की चोरी के लिए जेल भी जाना पड़ा था। अपने पिता की तरह कुशनर भी प्रोपर्टी के कारोबार में रहे लेकिन ये पिता से काफी आगे निकल गए। जिस तरह ट्रंप अपनी बिरादरी में विवादित हैं उसी तरह कुशनर भी विवादित हैं। शायद यही वजह है कि ट्रंप को कुशनर पसंद आए और उन्होंने अपनी बेटी की शादी उनसे कर दी। -धर्मेन्द्र सिंह कथूरिया
FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^