16-Jun-2016 09:19 AM
1234800
पिछले कई साल से मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही अकादमियों के खिलाडिय़ों ने मप्र को कई क्षेत्रों में अव्वल बनाया है। इसी कड़ी में नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में पिछले दिनों आयोजित जूनियर नेशनल कराते चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश राज्य कराते अकादमी के खिलाडिय़ों ने दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल पांच पदक अर्जित कर प्रदेश को गौरवान्वित किया। अकादमी के खिलाडिय़ों की बदौलत मध्य प्रदेश लगातार 11वीं बार ओवर ऑल चैम्पियन बना। खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर प्रदेश की खेल और युवा कल्याण यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रसन्नता व्यक्त की है और पदक विजेता खिलाडिय़ों को बधाई दी है।
पदक विजेता कराते खिलाड़ी पलाश समाधिया और सत्यम शर्मा ने आज टी.टी. नगर स्टेडियम पहुंची प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया से भेंट की। खेल मंत्री ने दोनों होनहार खिलाडिय़ों को बधाई दी और उन्हें आगामी स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौके पर मौजूद संचालक खेल और युवा कल्याण श्री उपेन्द्र जैन ने भी पदक विजेता खिलाडिय़ों को शाबाशी देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में 20 से 22 मई तक आयोजित जूनियर नेशनल कराते चैम्पियनशिप में अकादमी के खिलाड़ी पलाश समाधिया ने जूनियर व्यक्तिगत बालक काता स्पर्धा में तथा सत्यम शर्मा ने अंडर-21 व्यक्तिगत पुरूष काता इवेन्ट में एक-एक स्वर्ण पदक अर्जित किया। प्रतियोगिता के अंडर-21 व्यक्तिगत (-45 किलोग्राम) भारवर्ग की महिला कुमीते स्पर्धा में अकादमी की खिलाड़ी अपर्णा चैहान और व्यक्तिगत बालिका काता में सलोनी पाटीदार ने एक-एक रजत पदक जीता। जूनियर बालक वर्ग की व्यक्तिगत काता स्पर्धा में वंशिका तवंर ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अकादमी के कराते प्रशिक्षक विश्वामित्र अवार्डी शिहान श्री जयदेव शर्मा के नेतृत्व में खिलाडिय़ों ने प्रतियोगिता में भागीदारी की और पदक अर्जित कर प्रदेश को गौरवान्वित किया। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से करीब 1500 खिलाडिय़ों ने भागीदारी की। ज्ञातव्य है कि खेल जगत में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
-आशीष नेमा