हिम्मतवाला: रीमेक में मज़ा नहीं आया
16-Apr-2013 06:39 AM 1234788

रीमेक फिल्मों के दौर में ज्यादातर फि़ल्में प्रभावी नहीं बन पायीं हैं।  डान की तरह हिम्मतवालाÓ भी ज्यादा मज़ेदार नहीं बन सकी। 30 साल पहले बॉलीवुड में इसी टाइटिल से बनी जितेंद्र श्रीदेवी स्टारर फिल्म जबरदस्त सुपरहिट रही थी। इसी फिल्म की बदौलत श्रीदेवी रातोंरात सुपरहिट हिरोइन हो गयी थीं। निर्देशक साजिद खान ने जब इस फिल्म को बनाने की योजना बनाई तो सबसे पहले जितेंद्र का आशीर्वाद लिया और फिल्म से जुड़े अनुभव के बारे में जानकारी हासिल कर आगे बढ़े। फिल्म में 80 के दशक की पूरी झलक है और एक्शन दृश्य भी उसी जमाने के देखने को मिलेंगे।
शेर सिंह (महेश मांजरेकर) का रामनगर में काफी दबदबा है। गांव वाले शेर सिंह और उसके साले नारायण दास (परेश रावल) के सामने कुछ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। रवि (अजय देवगन) बरसों बाद अपनी मां सावित्री (जरीना वहाब) और बहन पद्मा (लीना जुमानी) के पास लौटकर आता है तो देखता है कि उसकी मां पर भी शेर सिंह और नारायण दास काफी जुल्म करते रहते हैं। शेर सिंह की इकलौती बेटी रेखा (तमन्ना भाटिया) काफी बिगड़ैल है और हर किसी को खुद से छोटा समझती है। उसको भी गांव वालों को तंग करने में मजा आता है। रवि यह सब देखकर परेशान हो जाता है और शेर सिंह को सबक सिखाने में जुट जाता है। शुरू में रेखा भी रवि का विरोध करती है लेकिन बाद में उसके साथ हो जाती है। अजय देवगन और तमन्ना के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती जितेंद्र और श्रीदेवी स्टाइल में दिखने की थी जिसमें वह कामयाब रहे हैं। दोनों ने ही अच्छा अभिनय किया। अजय एक्शन दृश्यों में काफी जमे। टाइगर से उनके फाइट सीन दर्शकों को अवश्य पसंद आएंगे। परेश रावल और महेश मांजरेकर का अभिनय भी काफी असरदार रहा। फिल्म का गीत संगीत भी ठीकठाक बन पड़ा है। फिल्म की शुरुआत सोनाक्षी सिन्हा पर फिल्माए गये गाने से होती है जिसमें सोनाक्षी ने अच्छा डांस किया है। निर्देश साजिद खान ने फिल्म में हर वर्ग के दर्शकों का ध्यान रखा है।

FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^