16-Feb-2016 08:38 AM
1234788
मध्य प्रदेश पिछले कुछ सालों से खेलों के क्षेत्र में अपना झंडा गाड़ रहा है। प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले युवा राष्ट्रीय स्तर पर छाए हुए हैं। इसका श्रेय जाता है मप्र खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही खेल अकादमियों को।

आलम यह है कि विकास और जन कल्याण के क्षेत्र में तेजी से अग्रसर मध्य प्रदेश अब खेलों के क्षेत्र में अन्य प्रदेशों के लिए मॉडल बनकर उभर रहा है। अभी हाल ही में मध्यप्रदेश को दूसरी बार सेलिंग की गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए एडमिरल कोहली अवार्ड से नवाजा गया है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री ने नई दिल्ली में चीफ ऑफ नेवल स्टॉफ एडमिरल आरके धवन से यह पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर संचालक खेल और युवा कल्याण उपेन्द्र जैन भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के सेलिंग इवेन्ट में बेहतर प्रदर्शन, खिलाडिय़ों के चयन हेतु कोचिंग कैम्प के आयोजन, गुणवत्तापूर्ण नेतृत्व क्षमता और याटिंग खेल में सक्रिय भागीदारी एवं सहयोग करने के प्रसंशनीय कार्यों के लिए खेल विभाग को वर्ष 2013 में भी एडमिरल कोहली अवार्ड मिल चुका है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जहां ओलम्पियन क्लास 49 मत बोट पुरुषों के लिए तथा 49 मत बोट महिला खिलाडिय़ों के लिए उपलब्ध हैं।
बीते एक वर्ष में मध्य प्रदेश ने खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। 2015 में मध्य प्रदेश खेलों में रोल मॉडल बनकर ऊभरा है। इस साल केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश को प्रधानमंत्री अवार्ड से भी नवाजा गया है। प्रदेश के खेल मॉडल का अध्ययन करने के लिए 7 राज्यों के अधिकारियों का दल प्रदेश का भ्रमण कर चुका है, जिसमें राजस्थान, छत्तीसगढ़, गोवा, अंडमान निकोबार, उड़ीसा, नागालैण्ड और मेघालय शामिल हैं। इंडिया वन समाचार आपको बता रहा है मध्य प्रदेश की वर्ष 2015 में खेल के क्षेत्र में ये रही उपलब्धि.. अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश के खिलाडिय़ों ने कुल 35 पदक अपने नाम किये जिसमें शूटिंग में 15, मार्शल आर्ट-कराते में 6, वाटर स्पोर्टस में 5, पुरूष हॉकी में 2, मार्शल आर्ट्-बॉक्सिंग में 6 और वाटर स्पोटर्स-क्याकिंग केनोइंग में 1 पदक अपने नाम वहीं राष्ट्रीय प्रतियोगितायों में खिलाडिय़ों ने कुल 188 पदक अपने नाम किए जिसमे मार्शल आर्ट- कराते में 37, शूटिंग में 40, मार्शल आर्ट, कुश्ती में 34, मार्शल आर्ट, बॉक्सिंग में 12, मार्शल आर्ट, वूशु में 4, मार्शल आर्ट, जूडो में 8, मार्शल आर्ट, ताइक्वांडो में 5, मार्शल आर्ट- फेंसिंग में 2, वाटर स्पोटर्स- सेलिंग में 6, वाटर स्पोटर्स, रोइंग में 2, वाटर स्पोटर्स, क्याकिंग-केनोइंग में 29 और घुड़सवारी में 9 पदक अपने नाम किए।
विस क्षेत्र में होगी विधायक ट्रॉफी
प्रदेश के सभी सभी विधान सभा क्षेत्र में किसी एक खेल की विधायक ट्रॉफी प्रतियोगिता आयोजित करना जरूरी है। प्रत्येक विधानसभा में उस खेल पर खेल विभाग 30 हजार रुपए खर्च करेगा। यह आयोजन जिला खेल अधिकारी की देख-देख में होगा। यह आदेश खेल विभाग ने सभी जिला खेल अधिकारियों को प्रेषित किया है। आदेश के मिलने के बाद सभी जिला खेल अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं। भोपाल के जिला खेल अधिकारी इसी के सिलसिले में सभी विधायकों से भेंटकर उनसे उनकी रूचि के बारे में जानकारी ले रहे हैं, ताकि उनकी विधानसभा क्षेत्र में उसी खेल की प्रतियोगिता आयोजित कराई जा सके।
खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता खिलाडियों की सम्मान राशि में वृद्धि की घोषणा की है। उन्होंने व्यक्तिगत विधाओं में स्वर्ण पदक विजेताओं की राशि 4 लाख से बढ़ाकर 5 लाख, रजत पदक विजेताओं को 3 लाख 20 हजार से बढ़ाकर 4 लाख एवं कांस्य पदक विजेता को 2 लाख 40 हजार से बढ़ाकर 3 लाख रूपये किए जाने और टीम इवेंट में स्वर्ण पदक विजेता टीम की पुरस्कार राशि 2 से बढ़ाकर ढ़ाई लाख, रजत पदक विजेता के लिए 1 लाख 60 हजार से बढ़ाकर 2 लाख 25 हजार और कांस्य पदक विजेता के लिए राशि 1 लाख 20 हजार से बढ़ाकर 2 लाख रूपये करने की घोषणा की है। केरल में आयोजित 35वें राष्ट्रीय खेलों के विजेता खिलाडियों और प्रशिक्षकों को पुरस्कृत और सम्मानित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा यह घोषणा की गई। कार्यक्रम में 85 खिलाड़ी और 30 खेल प्रशिक्षकों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।