03-Mar-2016 08:04 AM
1234821
मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रयासों का प्रतिफल है कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। केरल में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय कराते चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश राज्य कराते अकादमी के

खिलाडिय़ों ने चार स्वर्ण, दो रजत एवं दो कांस्य सहित कुल आठ पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश को लगातार 11वीं बार ओवरऑल खिताब से गौरवान्वित किया। एक दिवसीय चैम्पियनशिप एर्नाकुलम (केरल) में सम्पन्न हुई। पदक विजेता खिलाडिय़ों ने तात्या टोपे राज्य खेल परिसर में प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया से भेंट कर उन्हें उपलब्धियों से अवगत कराया। खेल मंत्री ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें आगे भी जीत का यह सिलसिला बनाये रखने के लिए प्रोत्साहित किया और सभी पदक विजेता खिलाडिय़ों को बधाई दी। संचालक खेल और युवा कल्याण उपेन्द्र जैन ने भी कराते खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर संयुक्त संचालक ख्ेाल डॉ. विनोद प्रधान, उप संचालक बी.एस. यादव एवं पी.एस. बुन्देला सहित अन्य अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे। उक्त चैम्पियनशिप में देश के सभी राज्यों की टीमों के अलावा सर्विसेज़, आईटीबीपी, हरियाणा पुलिस, पंजाब पुलिस, तमिलनाडू पुलिस, छत्तीसगढ़ पुलिस आदि सहित कुल 41 टीमों के लगभग 600 खिलाडिय़ों ने भाग लिया।
महिला वर्ग में पदक प्राप्त खिलाडिय़ों में देश की नंबर एक फाईटर सुप्रिया जाटव ने 55 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक, शिवानी कराले ने 68 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक, टीम कुमिते स्पर्धा में सुप्रिया जाटव, शिवानी कराले ने स्वर्ण एवं टीम काता स्पर्धा में सुमन थापा, प्रिया गुरूंग, नेहा गिरी की तिकड़ी ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इसी तरह पुरूष वर्ग में पदक प्राप्त खिलाडिय़ों में विक्की शेजुल ने 50 किलोग्राम भारवर्ग में और कुलदीप कांदिल ने 75 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक, सत्यम शर्मा ने व्यक्तिगत काता स्पर्धा में कांस्य पदक एवं टीम काता स्पर्धा में पलाश समाधिया, सत्यम शर्मा, राहुल शुक्ला की तिकड़ी ने कांस्य पदक अर्जित किया। उक्त खिलाडिय़ों ने राज्य कराते अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं विश्वामित्र अवार्डी शिहान जयदेव शर्मा के नेतृत्व में प्रतियोगिता में भाग लिया।
अकादमी के पहलवानों
ने मचाई धूम
उधर नंदनी नगर गोण्डा, लखनऊ में आयोजित जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश कुश्ती अकादमी के खिलाड़ी लोकेश परमार ने 50 किग्रा. भारवर्ग में तथा कु. शिवानी पवार ने 48 किग्रा. भारवर्ग में एक-एक रजत पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। फायनल में लोकेश परमार और हरियाणा के पहलवान नितिन के बीच मुकाबला हुआ। जबकि शिवानी पवार का कुश्ती संघ की खिलाड़ी साक्षी के मध्य मुकाबला हुआ जिसमें दोनों खिलाड़ी उप विजेता रहे। पदक विजेता खिलाडिय़ों को प्रदेश की खेल और युवा कल्याण यशोधरा राजे सिंधिया एवं संचालक खेल और युवा कल्याण उपेन्द्र जैन ने बधाई दी है।