क्राईम कैपिटल
04-Feb-2020 12:00 AM 1180

राजधानी में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। आए दिन हत्या, लूट, चोरी, बलात्कार की संगीन वारदात हो रही हैं। बावजूद अफसर यह कहकर अपनी नाकामी छिपा रहे हैं कि शहर में क्राइम क्रंटोल पर है। अफसरों से शहर के हालात पूछने पर एक ही जवाब मिलता है कि सब खैरियत है...। अफसरों के इन दावों की सच्चाई उनके ही अपराध के आंकड़े बता रहे हैं। अपहरण के मामलों में 2018 की तुलना में 2019 में 27 फीसदी बढ़ोत्तरी हुई है। ये स्थिति तब है जब सरकार महिला अपराध को रोकने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है। 2018 की तुलना में भोपाल में महिलाओं से जुड़े अपराध किडनैप, रेप, छेड़छाड़, दहेज हत्या, प्रताडऩा के मामलों में 8.17 प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई है। जनवरी से नवंबर 2018 के बीच इन अपराधों में 2706 पर था और 2019 में इन अपराधों का ग्राफ 3009 पहुंच गया। महिलाओं के साथ किडनैपिंग के मामलों में 27 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। मध्य प्रदेश में 2018 के तुलना में 2019 में रेप के मामलों में कमी आई है, लेकिन प्रदेश की राजधानी भोपाल में ही महिला अपराधों की स्थिति ठीक नहीं है। 2018 में मध्यप्रदेश में रेप के 5353 मामले दर्ज हुए, जबकि 2019 में 20 नवंबर तक रेप के 4926 मामले दर्ज हुए। 2019 में 427 रेप की घटनाएं कम हुईं। प्रदेश में महिला अपराध कम हुए, लेकिन ये शर्मनाक है कि राजधानी भोपाल में इस तरह की स्थिति है। यहां अपहरण, छेड़छाड़, रेप, दहेज हत्या, धमकी और प्रताडऩा जैसे अपराधों का ग्राफ बढ़ा है। यहां महिलाओं से जुड़े गंभीर अपराधों में तेजी से इजाफा हुआ है। पुलिस अधिकारी जरूर दावे कर रहे हैं, लेकिन आंकड़े हर बार इन दावों की पोल खोलकर रख देते हैं। वहीं, नए साल में भी नाबालिग के साथ रेप के कुछ केस दर्ज हुए हैं। साल के शुरुआती तीन दिन में भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक तेरह वर्षीय छात्रा के साथ रेप की घटना सामने आई। इसके साथ ही गोविंदपुरा पुलिस स्टेशन में भी रिश्तेदार ने ही पांच वर्षीय बच्ची के साथ रेप किया। वहीं, चाइल्ड लाइन के डायरेक्टर अर्चना सहाय ने कहा कि एनसीआरबी के जो रिपोर्ट आए हैं, उसके अनुसार नाबालिग के साथ जो अपराध के मामले दर्ज हुए हैं, उसमें 95-97 फीसदी लोग रिश्तेदार ही हैं। इसलिए महत्वपूर्ण है कि अपने बच्चों को बैड टच और गुड टच के बारे में समझाए। भोपाल में महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध की घटनाएं कोलार और हबीबगंज में घटित हुई है। इसके बाद छोला, निशातपुरा, गोविंदपुरा, अशोका गार्डन, जहांगीराबाद, पिपलानी और ऐशबाग पुलिस स्टेशन है। मीडिया से बात करते हुए डीआईजी इरशाद वली ने कहा कि पुलिस लगातार एनजीओ के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चला रही है। ज्यादा फोकस आर्थिक रूप से कमजोर और स्लम एरिया में हैं। क्योंकि यहीं से ज्यादा केस आते हैं। साथ ही पुलिस ने वैसी जगहों को चिह्नित भी किया है जहां से छेडख़ानी और ईव टीजिंग के मामले ज्यादा सामने आते हैं। मैत्री और शक्ति की टीम लगातार वहां विजिट करती है। भोपाल डीआईजी इरशाद वली ने माना कि शहर में अपहरण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने इस पर सफाई देते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों के मामलों को पुलिस विभाग गंभीरता से लेता है। हम कार्रवाई करके बच्चों को छुड़ाते भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कोशिश रहती है कि लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस हर मामले की बारीकी से जांच करती है। राजधानी पुलिस से जारी आंकड़े के मुताबिक वर्ष 2017 में अप्रैल तक 5452 अपराध भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज किए गए। जिनमें हत्या, लूट, चोरी जैसे संगीन अपराधों की संख्या अधिक है। हालांकि यह आंकड़ा 2016 अप्रैल तक (5833) के मुकाबले करीब 400 कम जरूर है, लेकिन इस साल शहर में सनसनीखेज वारदात अधिक हुई हैं। सनसनीखेज अपराधों का आंकड़ा बढऩे की प्रमुख वजह गुंडे-बदमाशों को पुलिस से मिल रही आजादी को बताया जा रहा है। सरकार की तरफ से अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने जोर देने की बात तो हो रही है मगर जमीनी स्तर पर नजर नहीं आ रही। आंकड़ों की गवाही अपराध 2017 2018 2019 किडनैपिंग 276 343 434 रेप 261 282 396 छेड़छाड़ 449 544 552 प्रताडऩा 410 295 373 दहेज हत्या 27 12 14 धमकी 945 1190 1240 ये हैं खौफनाक वारदातें 26 फरवरी 2019 को भोपाल के कटारा हिल्स में एक ऐसा ही मामला सामने आया था। जब एक 16 वर्षीय छात्रा को 22 साल के लड़के ने अपहरण कर लिया। पार्क में चाकू की नोंक पर उसके साथ रेप किया। इस घटना से पीडि़ता और उसके परिवार के लोग इतने सहम गए अगले दिन शाम को पुलिस से संपर्क करने का साहस जुटा सके। बाद में आरोपियों ने कटारा हिल्स पुलिस के समझ समर्पण कर दिया। इसी तरह भोपाल के कोहेफिजा इलाके की नाबालिग लड़की के साथ दो लड़कों ने मनुआभान की टेकरी में एक मई को रेप के बाद पत्थर से कूचकर हत्या कर दी। इसके बाद नौ जून को कमला नगर स्थित एक झुग्गी में दस वर्षीय नाबालिग के साथ उसके पड़ोसी ने रेप किया। - बृजेश साहू

FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^