18-Dec-2013 10:49 AM
1234757
धोनी के धुरंधरों को दक्षिण अफ्रीका में धूल चटा दी गई। दक्षिण अफ्रीका ने शुरुआती दो मैचों में भारत के बल्लेबाजों को आइना दिखा दिया कि वे घर के ही शेर हैं। उछाल मारती पिच पर विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, सुरेश रैना जैसे बल्लेबाज पानी मांगते नजर आए। दक्षिण अफ्रीका ने हर क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन किया और भारतीय को बता दिया कि तेज पिच पर भारत अभी भी बचकाना खेल खेलता है। हारना एक अलग विषय हैं, लेकिन जिस तरह बड़े विशाल अंतर से भारत की टीम पराजित हुई वह शर्मनाक है। लगातार दो मैचों में हम हारे। तीसरे मैच में भी स्थिति दयनीय थी क्योंकि दक्षिण अफ्रीका ने 301 रन बना लिए थे। लेकिन इंद्र भगवान की मेहरबानी हो गई और भारत एक शर्मनाक स्थिति से बच गया। इस टीम के प्रदर्शन को देखकर यह नहीं कहा जा सकता कि यह टीम आने वाले समय में टेस्ट मैच में कोई करिश्मा दिखा पाएगी। उछाल मारती पिच पर भारतीय कितना खेल पाएंगे कहना मुश्किल है। भारत को अपनी रणनीति में अमूलचूल बदलाव करना होगा।