तराई में दस्यु दस्तक
02-Nov-2018 08:01 AM 1234796
आचार संहिता प्रभावी होने के बाद दस्यु प्रभावित इलाकों पर पुलिस की पैनी नजर है। मप्र और उप्र के सीमाई इलाकों में हरकत करने वाले साढ़े 5 लाख के इनामी डकैत बबुली कोल और हाल ही में अपराध की दुनिया में आई दस्यु साधना पटेल की टोह लेने पुलिस पार्टियां जंगल में लगातार सर्च कर रही है। रीवा पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह गौर के निर्देशन में दस्यु प्रभावित थाना मझगवां, बरौंधा, नयागांव, धारकुण्डी के प्रभारियों ने अपनी टीम के साथ इलाके में सर्चिंग की। इसी तरह एक टीम एसआई ओम प्रकाश चोंगड़े, एएसआई कप्तान सिंह के साथ जंगल में उतरी। इस टीम ने बटोही, गुप्त गोदावरी, सती अनुसुइया, बगदरा घाटी में उन ठिकानों को चिह्नित किया जहां दस्यु दल की आमद रहती है। इसके साथ ही मप्र और उप्र के सीमाई इलाकों से सटे गांवों तक भी पुलिस पहुंची। जहां ग्रामीणों से डकैतों के मूवमेंट की खबर ली गई। तराई से जुड़े सूत्रों का कहना है कि मौजूदा समय में दस्यु सुन्दरी साधना पटेल का मूवमेंट उप्र के भरतकूप की ओर है। जबकि बबुली गिरोह ददरी गांव की ओर छिपा है। घने जंगल में पनाह लिए दोनों दस्यु दलों पर मप्र पुलिस के साथ उप्र पुलिस की नजर है। प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में यूपी का कुख्यात डकैत एमपी पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। सीमावर्ती इलाकों में इस दस्यु सरगना की लोकेशन मिलने से जंगल में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है साथ ही दस्यु प्रभावित इलाकों में कड़ी निगहबानी भी की जा रही है। अभी हाल ही में दस्यु सरगना और उसके दाहिने हाथ एक अन्य खूंखार डकैत के बीच गैंगवार होने की खबर ने खाकी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यूपी एमपी के सीमावर्ती इलाकों में गैंग की चहलकदमी की सूचना पर पुलिस ने बीहड़ की खाक छाननी शुरू कर दी है। साढ़े पांच लाख के ईनामी कुख्यात डकैत बबुली कोल की तलाश में मध्य प्रदेश पुलिस ने रविवार से सीमावर्ती इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। पुलिस ने खुफिया सूचना पर चित्रकूट के सीमाई क्षेत्रों के बियावान जंगलों में डकैतों की तलाश शुरू कर दी है। इन इलाकों में शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान कराना एमपी पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं हालांकि इलाके के चप्पे-चप्पे पर एमपी पुलिस कॉम्बिंग कर रही है और यूपी पुलिस को भी चौकन्ना कर दिया गया है। दस्यु सरगना बबुली कोल और उसके दाहिने हाथ पर एक लाख के इनामी डकैत लवलेश कोल के बीच गत दिनों हुई गैंगवार की खबर ने बीहड़ में हड़कम्प मचा दिया है साथ ही खाकी को भी चिंता में डाल दिया है। हालांकि सीधे तौर पर पुलिस गैंगवार की बात से इंकार कर रही है लेकिन सूत्रों के मुताबिक इस घटना की जानकारी पुलिस को अंदरखाने के सूत्रों द्वारा मिली है। बीहड़ के सूत्रों के मुताबिक पिछले दिनों चित्रकूट के बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के घाटा कोलान गांव में बबुली और उसके खास सिपहसलार लवलेश के बीच जमकर गाली गलौज और फायरिंग हुई। सूत्रों के मुताबिक दुर्गा पूजा के दौरान दोनों डकैतों में पैसों को लेकर अनबन हुई फिर गोलीबारी। अब दोनों अलग-अलग गैंग बनाकर बीहड़ में विचरण कर रहे हैं ऐसा इनपुट पुलिस को भी मिल रहा है। सतना के एसपी संतोष कुमार ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में जनता से लगातार संपर्क किया जा रहा है और उनसे पुलिस की मदद करने की अपील की जा रही है। डकैतों की लोकेशन की जानकारी मिलने पर लगातार कॉम्बिंग जारी है। चित्रकूट एसपी मनोज कुमार झा ने बताया कि डकैतों के खिलाफ पुलिस का सर्च ऑपरेशन तो जारी है। किसी प्रकार की अनहोनी न हो इसीलिए सतर्कता बरती जा रही है। - सुनील सिंह
FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^