03-Mar-2018 08:41 AM
1234862
नर्मदा की सहस्त्रधारा महेश्वर में 23 से 25 फरवरी तक खेली गई पांचवीं राष्ट्रीय केनो स्लॉलाम चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश राज्य वॉटर स्पोट्र्स अकादमी के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया और 15 स्वर्ण, 8 रजत और 01 कांस्य सहित कुल 24 पदक जीतकर वॉटर स्पोर्टस अकादमी की टीम को उपविजेता बनाया। अकादमी के खिलाड़ी विश्वजीत कुशवाहा ने सर्वाधिक 6 स्वर्ण पदक अर्जित किए।
प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने खिलाडिय़ों द्वारा किए गए शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए पदक विजेता खिलाडिय़ों को बधाई दी है। संचालक खेल और युवा कल्याण उपेन्द्र जैन ने बताया कि वॉटर स्पोर्टस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मान. खेलमंत्री जी की पहल पर महेश्वर में कैनो स्लालॉम कोर्स की शुरुआत की गई है जिसके सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। खिलाडिय़ों को उपलब्ध कराए जा रहे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल संसाधनों के चलते अकादमी के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीत रहे हैं।
इन खिलाडिय़ों ने जीते पदक
चैम्पियनशिप के अंतर्गत बालक वर्ग की के-1 एवं अंडर 16 स्पर्धा में अकादमी के खिलाड़ी राहुल केवट ने एक-एक स्वर्ण, विश्वजीत सिंह कुशवाहा ने सी-1 ओपन एवं सी-1 अंडर 23 स्पर्धा में एक-एक स्वर्ण, विशाल केवट ने सी-1 अंडर-16 और प्रिन्स परमार एवं विश्वजीत सिंह कुशवाहा की जोड़ी ने सी-2 तथा विश्वजीत सिंह कुशवाहा और चम्पा मौर्य की जोड़ी ने मिक्स सी-2 स्पर्धा में एक-एक स्वर्ण पदक जीता। बालिका वर्ग में अकादमी की खिलाड़ी चम्पा मौर्य ने सी-1 ओपन स्पर्धा में स्वर्ण पदक अर्जित किया।
चैम्पियनशिप में बालक वर्ग की के-1 स्पर्धा में आकाश बाथम, के-1 अंडर-16 में विशाल केवट, सी-1 ओपन में प्रिन्स परमार और सी-1 अंडर-16 में राहुल केवट तथा बालिका वर्ग की सी-1 ओपन स्पर्धा में चम्पा मौर्य ने एक-एक रजत पदक जीते।
चैम्पियनशिप के अंतर्गत केनो फ्री स्टाईल स्पर्धा में अकादमी के खिलाड़ी राहुल केवट ने के-1 अंडर-16, प्रिन्स परमार ने सी-1, विश्वजीत सिंह कुशवाहा ने सी-1 अंडर-23, विशाल केवट ने सी-1 अंडर-16, प्रिन्स परमार एवं विश्वजीत सिंह कुशवाहा की जोड़ी ने सी-2 ओपन, चम्पा मौर्य ने सी-1 तथा विश्वजीत सिंह कुशवाहा और चम्पा मौर्य की जोड़ी ने सी-2 मिक्स इवेंट में एक-एक स्वर्ण पदक प्राप्त किए। इसी तरह बालक वर्ग में आकाश बाथम ने के-1, राहुल केवट ने सी-1 अंडर-16 और बालिका वर्ग की के-1 स्पर्धा में चम्पा मौर्य ने एक-एक रजत पदक जीते। चैम्पियनशिप में के-1 अंडर-16 स्पर्धा में विशाल केवट ने एक कांस्य पदक अर्जित किया।
-आशीष नेमा