मौत के रास्ते का विकास
03-Nov-2020 12:00 AM 863

 

झांसी से बाया खजुराहो, चित्रकूट से इलाहाबाद, नरैनी से कालिंजर सतना में बहुत से वृक्षों को काट दिया गया है। कई वृक्षों को काटे जाने हैं, उनकी छाती पर उनके कटने का नंबर लिख दिया गया है। हालांकि जिस काम के लिए वे काटे गए हैं, वह काम भी अधूरा पड़ा हुआ है। वृक्ष हमारे लिए प्राणवायु हैं, वे हमें जीने के लिए ऑक्सीजन देते हैं। हमें धूप, गर्मी और उष्णता से बचाते हैं। पेड़ वृक्ष बनते हैं और वर्षा लाते हैं। हमें फल, खाद्य पदार्थ, आवास और छाया देते हैं। जहरीली गैसों तथा प्राकृतिक आपदाओं-बाढ़, भूकंप, ग्लोबल वार्मिंग, सुनामी, मरुस्थलीकरण, सूखा, जलसंकट, अकाल, निर्वनीकरण, ज्वालामुखी विस्फोट और चक्रवाती तूफानों से रक्षा करते हैं। नदियों की कटान रोकते हैं। वृक्षों की वजह से कृषि कार्य में मदद मिलती है और मानव संपदा में वृद्धि होती है, यानी वृक्ष हमारे पर्यावरण के लिए आवश्यक हैं। हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो हम सुरक्षित रहेंगे। दुखद यह है कि हाल के दिनों में भौतिक विकास के नाम पर जगह-जगह वृक्षों को काटा जा रहा है। सैकड़ों-हजारों वर्षों से लगे लाखों वृक्षों के कटने से हमारा पर्यावरण गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। वृक्ष हमें समुद्र मंथन में मिला। पृथ्वी सूत्र में लिखा है वृक्ष वर्षा लाते हैं। ऋषि-मुनि और पुरखे वृक्षों की पूजा करते रहे हैं।

सर्वोदय कार्यकर्ता और समाजसेवी उमा शंकर पांडेय का कहना है कि वृक्ष हमारे लिए देवता हैं। संसार का सुख उनमें समाहित है। वृक्ष हमसे कुछ लेते नहीं हैं, लेकिन वे हमें बहुत कुछ देते हैं। वे परोपकारी हैं। सनातन ग्रंथों में बताया गया है कि एक वृक्ष दस पुत्र के समान हैं। बांदा से सतना, झांसी से खजुराहो, इलाहाबाद, बांदा से कालिंजर की यात्रा के दौरान पांडेय ने देखा कि रोड बनाने के नाम पर सैकड़ों वर्ष पुराने वृक्षों को विकृत मानसिकता के साथ जिस तरह काटा गया है, वह आने वाले कई वर्षों तक मानव को चोट पहुंचाते रहेंगे। महुआ, आम, पीपल, बरगद, जामुन, शीशम के वृक्षों को काट डाला गया। यह विकास के नाम पर वृक्षों की कटाई नहीं हो रही है, बल्कि अपने विनाश के लिए मौत का रास्ता बना रहे हैं। पुराने वृक्षों की इस तरह कटाई देखकर शरीर कांप उठता है। पर्यावरण प्रेमियों ने इस पर गंभीर चिंता जताई है। जो वृक्ष काटे गए हैं, उन्हें फिर से लगाने और बड़े होने में 100 वर्ष से ज्यादा का समय लगेगा। चित्रकूट के वैद्य डॉ. सचिन उपाध्याय, खजुराहो डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर शर्मा, अजीत, दुर्ग कालिंजर के अरविंद, महोबा के राजीव तिवारी, बांदा के अरुण निगम, दीपक शुक्ला ने इसे विकास नहीं, विनाश की ओर प्रस्थान कहा है।

जिस चित्रकूट का वर्णन गोस्वामी तुलसीदास महाराज ने किया है, उसमें प्रभु श्रीराम को वन का राजा बताया है। वहां के हजारों ऋषि-मुनियों तीर्थ यात्रियों के वनगमन के दौरान स्वयं भगवान राम, माता सीता, भाई लक्ष्मण की शरण स्थली रही वृक्षों को निर्दयता के साथ काटा जा रहा है। पोद्दार इंटर कॉलेज के सामने का शमी वृक्ष सैकड़ों वर्ष पुराना है। चित्रकूट से इलाहाबाद मार्ग पर बसे गांवों की तरफ चलेंगे तो हजारों पुराने वृक्ष कटे हुए पड़े हैं। विश्व प्रसिद्ध कालिंजर नरैनी से कालिंजर जाते समय दो हजार वृक्ष काटे गए हैं। वृक्षों की छाती पर नंबर लिख दिए गए हैं। पिछले वर्ष इन वृक्षों पर नंबर लिखे गए थे, इस वर्ष कट गए। क्या इसे विकास कहते हैं? दूसरे देशों में वृक्ष काटे नहीं जाते हैं, बल्कि उखाड़कर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिए जाते हैं। लकड़ी काटने के नाम पर और पुरानी लकड़ी बेचने के नाम पर यहां वृक्ष काट दिए जाते हैं। वह लकड़ी कहां जाती है, उसका मूल्य क्या होता है, किसी को नहीं मालूम। जो विभाग जिम्मेदार है वह चुप है। वृक्षों को उखाड़ने के लिए जब करोड़ों रुपए की जेसीबी आ सकती है, तो वृक्षों को शिफ्ट करने के लिए मशीन क्यों नहीं मंगाई जा सकती है। पीपल को देव वृक्ष माना गया है। इसकी परिक्रमा से पाप मिटते हैं। भगवान बुद्ध ने पूरा ज्ञान और अद्भुत शक्ति इसी के नीचे बैठकर प्राप्त की। वास्तविकता यह है कि पेड़ पौधों की पूजा अर्चना वंदना एवं प्रार्थना के पीछे कर्मकांड नहीं, बल्कि इनके पीछे वैज्ञानिक तथ्य छिपे हुए हैं। भारतीय संस्कृति में वृक्षों की जितनी महिमा गरिमा का उल्लेख किया है, संभवत: किसी और देश में नहीं। पेड़-पौधों में अद्भुत शक्ति है, जिसका उल्लेख वेद उपनिषद, पुराणों, शास्त्रों, लोक विश्वासों, परंपराओं में समाहित है। वृक्षों को देवता मानकर उनकी पूजा उपासना की जाती है।

जिन गांवों में वृक्ष हैं, वहां का जलस्तर आज भी ऊपर

समाज के कुछ सहृदयी और मित्र बिना किसी प्रचार-प्रसार के पुराने वृक्षों को बचाने में लगे हैं। चित्रकूट के वैद्य डॉ. सचिन उपाध्याय कई वर्षों से वृक्षों पर शोध कर रहे हैं। महोबा के राजीव तिवारी सैकड़ों वर्ष पुराने बरगद को बचाने के लिए बरसों से जमीन पर काम कर रहे हैं। कालिंजर के अरविंद छिरौलिया आयुर्वेदिक पौधों को रोपण करते हैं। अरुण निगम राष्ट्रीय राजमार्ग के बीचों-बीच प्रतिवर्ष अपने संसाधन से पौधरोपण करते हैं। सुधीर शर्मा अपने संसाधन से राष्ट्रीय कला केंद्र खजुराहो में पौधरोपण करते हैं। डॉ. शिव पूजन ऋषि कुल के माध्यम से वृक्ष बचा रहे हैं। कई कलमकार साथी अपनी कलम के माध्यम से वृक्ष बचाने की कोशिश कर रहे हैं। कई अधिकारी अपने पैसों से हजारों वृक्ष लगाते हैं। कुछ लोग अभी जिंदा हैं, ऐसे कई नाम है जो आदर्श हैं, जमीन पर काम कर रहे हैं। वह अपनी मार्केटिंग करने के लिए नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी मानते हुए इस काम में जुटे हैं। जिन गांवों में वृक्ष हैं, वहां का जलस्तर आज भी ऊपर है, जहां पर नहीं है, वहां जल नहीं है। जल ही जीवन है।

- सिद्धार्थ पांडे

FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^