16-May-2019 06:49 AM
1234770
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र की आठ लोकसभा सीटों पर कहीं कांग्रेस तो कहीं सपा बसपा गठबंधन ने चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। उत्तर प्रदेश की तरह मध्य प्रदेश में भी सपा बसपा ने गठबंधन के तहत ही विभिन्न सीटों पर अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। उल्लेखनीय है कि 80 सीटों वाले उत्तर प्रदेश की चार (झांसी, जालौन, बांदा और हमीरपुर) और 29 सीटों वाले मध्य प्रदेश की चार (टीकमगढ़, खजुराहो, भिंड और गुना) सीट बुंदेलखंड क्षेत्र में शामिल हैं। इन आठ सीटों में मध्य प्रदेश की टीकमगढ़ सीट को छोड़कर बाकी सभी सात सीटों पर भाजपा, कांग्रेस और सपा बसपा गठबंधन के उम्मीदवार मुख्य मुकाबले में हैं। पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने बताया कि इस बार कांग्रेस को बुंदेलखंड में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर बेहतर चुनाव परिणाम मिलेंगे। जैन का मानना है कि मतदाता यह भी जानते हैं कि सपा बसपा गठबंधन सहज नहीं बल्कि महज मजबूरी है। ऐसे में कांग्रेस भाजपा को सीधी टक्कर दे रही है।
त्रिकोणीय मुकाबले की हकीकत को स्वीकार करते हुये भाजपा के झांसी से विधायक रवि शर्मा का कहना है कि सपा बसपा गठबंधन और कांग्रेस के बीच दूसरे स्थान पर आने का मुकाबला चल रहा है। शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बुंदेलखंड की तीन सीटों पर हुये मतदान से भी तस्वीर साफ हो गयी कि भाजपा पिछले चुनाव की तर्ज पर सभी आठ सीटों पर जीत की ओर अग्रसर है। बुंदेलखंड की झांसी, हमीरपुर और जालौन सीट पर चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान हो गया है। टीकमगढ़, खजुराहो और बांदा सीट पर पांचवे चरण में छह मई को मतदान हुआ। गुना और भिंड सीट पर ग्वालियर तथा मुरैना के साथ छठे चरण में 12 मई को मतदान हुआ। पिछले लोकसभा चुनाव में सिर्फ एक सीट (गुना) को छोड़कर सभी सात सीटें भाजपा की झोली में गयी थी। तीनों प्रमुख दलों ने बुंदेलखंड के जटिल जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुये सभी आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। जैन ने सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की दलील देते हुये कहा कि अब तक सपा बसपा को पिछड़ों एवं दलितों की पार्टी समझा जाता था लेकिन इस मिथक को तोड़ते हुये कांग्रेस ने बुंदेलखंड में पिछड़े वर्गों को तरजीह दी है।
झांसी लोकसभा क्षेत्र से सांसद उमा भारती के चुनाव नहीं लडऩे के फैसले के बाद भाजपा ने उनकी जगह इस बार चुनाव मैदान में उद्योगपति अनुराग शर्मा को उतारा है। शहरी क्षेत्र में सवर्ण मतदाताओं की बहुलता को देखते हुये भाजपा उम्मीदवार बनाये गये शर्मा का मुकाबला सपा के श्याम सुंदर सिंह और कांग्रेस के शिवशरण कुशवाहा से है। ग्रामीण क्षेत्रों में पिछड़े वर्गों की बहुलता के मद्देनजर सपा ने श्याम सुंदर यादव और कांग्रेस ने कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है। हमीरपुर से कांग्रेस ने प्रीतम लोधी और बसपा से दिलीप सिंह को उम्मीदवार बनाया है जबकि भाजपा ने मौजूदा सांसद पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल पर ही दांव लगाया है।
वहीं मध्य प्रदेश में भाजपा ने हालांकि केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर को इस बार ग्वालियर के बजाय मुरैना से चुनाव मैदान में उतारा है। तोमर का मुकाबला बसपा के करतार सिंह भड़ाना से है। इसी प्रकार बांदा सीट पर सपा ने पूर्व सांसद श्यामा चरण गुप्ता, कांग्रेस ने दुर्दांत दस्यु ददुआ के भाई बाल कुमार पटेल और भाजपा ने विधायक आर के पटेल को टिकट दिया है। बांदा से मौजूदा सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा को टिकट नहीं देने के कारण सपा और कांग्रेस उम्मीदवार का पलड़ा भारी होने से इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के खजुराहो संसदीय क्षेत्र से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे ददुआ के बेटे वीर सिंह पटेल ने मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है। इस सीट पर भाजपा ने विष्णुदत्त शर्मा और कांग्रेस ने कविता सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। उधर, गुना सीट पर कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनौती दे रहे बसपा उम्मीदवार लोकेन्द्र सिंह धाकड़ ने मतदान से महज कुछ दिन पहले कांग्रेस का दामन थाम कर चुनावी मुकाबले को भाजपा बनाम कांग्रेस बना दिया है।
-सिद्धार्थ पाण्डे