16-Sep-2017 10:09 AM
1234814
विश्व के जाने माने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी कोच रोलेंट ओल्टमेंस इन दिनों मध्यप्रदेश राज्य पुरुष हॉकी एकेडमी के खिलाडिय़ों को हॉकी खेल का प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखार रहे हैं। प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के प्रयासों से अकादमी के खिलाडिय़ों को उच्च स्तरीय हॉकी प्रशिक्षण प्राप्त करने और प्रतिभा निखारने का अवसर मिला है।
खेल मंत्री के अनुरोध पर भोपाल आए अंतर्राष्ट्रीय हॉकी कोच रोलेंट ओल्टमेंस राजधानी स्थित मेजर ध्यानचंद हॉकी खेल परिसर पहुंचे जहां उन्होंने खिलाडिय़ों को हॉकी खेल की बारीकियों के संबंध मे विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने हॉकी खेल में प्रतिभा निखारने के लिए खिलाडिय़ों को महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। आल्टमेन्स दो सप्ताह की ट्रेनिंग के दौरान खिलाडिय़ों को आगामी राष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए अभ्यास और तैयारी के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण देंगे। इस मौके पर हॉकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एमके कौशिक, प्रशिक्षक डॉ. हबीब हसन, सहायक प्रशिक्षक लोकेन्द्र शर्मा सहित अकादमी के खिलाड़ी मौजूद थे। इससे पूर्व उन्होंने खेल संचालक उपेंद्र जैन से मुलाकात की और खेल गतिविधियों के बारे में जानकारी हासिल की।