02-Jan-2015 07:16 AM
1234757

पूर्व विश्व चैम्पियन और राष्ट्रमंडल खेलों की दोहरी स्वर्ण पदक विजेता महाराष्ट्र की तेजस्विनी सावंत ने 58वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैम्पियनशिप में महिला 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा का व्यक्तिगत और टीम खिताब जीता। तेजस्विनी ने 622 अंक के साथ केरल की एलिजाबेथ सुसान कोशी को पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता। व्यक्तिगत वर्ग में कोशी तेजस्विनी से एक अंक पीछे रही। सेना की राज चौधरी 616 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही। पुरुष 25 मीटर रेपिड फाइयर पिस्टल में हरियाणा के हरप्रीत सिंह ने छह पुरूषों के फाइनल में 22 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। भारतीय सेना के नीरज कुमार (21) दूसरे जबकि गुरप्रीत सिंह (19) तीसरे स्थान पर रहे। ओलंपिक रजत पदक विजेता विजय कुमार 25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे। वह क्वालीफाइंग में 562 अंक के साथ आठवें स्थान पर रहे। विजय ने हालांकि सेना के अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। महिला 50 मीटर राइफल प्रोन टीम स्पर्धा में तेजस्विनी ने दीपाली देशपांडे और प्रियाल केनी के साथ मिलकर कुल 1837 अंक जुटाते हुए महाराष्ट्र को स्वर्ण पदक दिलाया। पुरुष 25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल में गुरप्रीत, विजय और विजेश कुमार ने 1706 अंक के साथ आर्मी मार्क् समैनशिप यूनिट को स्वर्ण पदक दिलाया।
अर्जुन अटवाल ने जीता दुबई ओपन
अर्जुन अटवाल ने 72वें होल में बर्डी के साथ एल्स क्लब में 500000 डॉलर इनामी दुबई ओपन गोल्फ के खिताब से चार साल के खिताबी सूखे को समाप्त किया। अटवाल ने पीजीए टूर पर अपना एकमात्र खिताब 2010 में जीता था जो उनका पिछला पेशेवर खिताब भी था। अटवाल ने अंतिम दौर में आठ बर्डी और दो बोगी से छह अंडर 66 का स्कोर बनाया। उनका कुल स्कोर 16 अंडर 272 रहा। कोरिया के 19 वर्षीय वांग ज्युंग हुन (67) दूसरे स्थान पर रहे। इस बीच संयुक्त शीर्ष पर चल रहे शिव कपूर अंतिम दौर में पार 72 के स्कोर से गगनजीत भुल्लर (71) के साथ संयुक्त 11वें स्थान पर रहे।